आज फिर बढ़े कोरोना के मामले, 24 घंटों में मिले 45,951 नए केस
राहत की एक बड़ी बात यह है कि कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट बढ़कर 96.92 फीसदी हो गया है।
नई दिल्ली, 30 जून: कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में मंगलवार को दिखी बड़ी गिरावट के बाद बुधवार को एक बार फिर बढ़ोत्तरी हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया पिछले 24 घंटों के भीतर देश में संक्रमण के 45951 नए केस मिले हैं, जबकि कोरोना वायरस के कारण 817 मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा बीते एक दिन में कोरोना वायरस के 60729 मरीज ठीक भी हुए हैं और रिकवर मरीजों की संख्या बढ़कर 2,94,27,330 हो गई। नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस के कुल केस अब 3,03,62,848 हो गए हैं।
Recommended Video

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है और रिकवरी रेट इस समय 96.92 फीसदी है। रिकवरी रेट बढ़ने से देश में एक्टिव मामलों की संख्या में कमी आई है और फिलहाल एक्टिव केस 5,37,064 ही बचे हैं। इसके अलावा देशभर में चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोरोना वायरस वैक्सीन की कुल 33,28,54,527 डोज दी जा चुकी हैं।
इन 5 राज्यों में कोरोना के सबसे ज्यादा केस
आपको बता दें कि बीते 11 अप्रैल के बाद कोरोना वायरस से होने वाली मौतों की यह सबसे कम संख्या है। इसके अलावा देश में लगातार तीसरे दिन मौतों का आंकड़ा 1000 से नीचे दर्ज हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के कारण जो 817 मौतें हुई हैं, उनमें सबसे ज्यादा 231 महाराष्ट्र से और 118 तमिलनाडु से हैं। इसके अलावा बीते एक दिन में जिन पांच राज्यों में कोरोना वायरस के दैनिक केस सबसे ज्यादा मिले हैं, उनमें केरल (13550 केस), महाराष्ट्र (8085 केस), तमिलनाडु (4512 केस), आंध्र प्रदेश (3620 केस) और कर्नाटक (3222 केस) शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications