COVID 19 Updates: बीते 24 घंटे में देश में सामने आए 43071 नए केस, रिकवरी रेट हुई 97.09%
नई दिल्ली, 04 जुलाई। देश में कोरोना की चाल सुस्त पड़ी है। रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक तो बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 43,071 नए केस सामने आए हैं और 955 लोगों ने दम तोड़ा है। नए केस सामने आने के बाद भारत में इस वक्त पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 3,05,45,433 हो गई है और मौत का आंकड़ा 4,02,005 पहुंच गया है।
Recommended Video


24 घंटों के दौरान 52,299 लोग अस्पताल से ठीक होकर घर भी लौटे हैं, जिसके बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 2,96,58,078 हो गई है और भारत में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 4,85,350 हो गई है तो वहीं देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 35,12,21,306 हो गया है तो वहीं बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस की 63,87,849 वैक्सीन लगाई गईं है और देश में रिकवरी रेट बढ़कर 97.09% हो गया है और दैनिक पॉजिटिविटी रेट 2.34% है।

तो वहीं देश के दिल यानी कि दिल्ली में भी सुधार हुआ है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को बताया है कि राजधानी में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 86 नए मामले आए और 5 मरीजों की इस दौरान मौत हो गई, हालांकि कोरोना के केस में काफी कमी आई है लेकिन दिल्ली के तीन नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक जून महीने में अब 19,366 मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किए जा चुके हैं जबकि पिछले साल के मुकाबले काफी ज्यादा है। साल 2021 के जून महीने में 11,642 मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किए गए थे। भारत में कल कोरोना के लिए 18,38,490 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 41,82,54,953 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

भले ही देश में कोरोना के केस कम हुए हैं लेकिन अभी भी सबको सतर्क रहने की काफी जरूरत है। एम्स प्रमुख ने शनिवार को ये चेतावनी दी है कि भारत में कोरोना वायरस की तीसरी लहर "inevitable" है, और यह अगले छह से आठ सप्ताह में देश में आ सकती है इसलिए सभी को काफी सावधान रहने की आवश्यकता है क्योंकि जरा सी लापरवाही फिर से भयानक रूप ले सकती है।












Click it and Unblock the Notifications