फिर से अलर्ट होने का वक्त! 24 घंटों में मिले कोरोना के 41195 मरीज और 490 लोगों की मौत
कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर तेजी दिखी है और लोगों के लिए फिर से अलर्ट होने का वक्त आ गया है...
नई दिल्ली, 12 अगस्त: कोरोना वायरस के दैनिक मामलों और एक्टिव मरीजों की संख्या में एक बार फिर से तेजी देखने को मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले एक दिन में संक्रमण के 41,195 नए मामले मिले हैं, जबकि कोरोना वायरस के कारण 490 लोगों की जान गई है। इससे पहले बुधवार को कोरोना वायरस के दैनिक मामलों की संख्या 38,353 थी। नए मरीज मिलने के बाद देश में कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 32,077,706 और मृतकों का आंकड़ा 429,669 हो गया है।
Recommended Video

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी घटी है, जिसकी वजह से एक्टिव केस बढ़कर 387,987 हो गए हैं। हालांकि एक्टिव केस अभी भी देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों के महज 1.21 फीसदी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आए 31,260,050 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा देश के अलग-अलग राज्यों में अब तक कोरोना वायरस वैक्सीन की कुल 523,253,450 डोज दी जा चुकी हैं।
अगस्त महीने के आखिर तक आ सकती है कोरोना की तीसरी लहर!
आपको बता दें कि केरल सहित कुछ राज्यों में कोरोना वायरस के मामलों की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर की आशंका के बीच लोगों को एक बार फिर से सतर्क होने की जरूरत है। हाल के दिनों में पर्यटक स्थलों पर भी लोगों की काफी भीड़ दिखी, जहां सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क संबंधी नियमों की धज्जियां उड़ीं। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर कुछ विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि देश में कोरोना वायरस महामारी की तीसरी लहर अगस्त महीने के आखिर तक दस्तक दे सकती है।












Click it and Unblock the Notifications