फिर बजी खतरे की घंटी! लगातार तीसरे दिन कोरोना केस बढ़े, 24 घंटों में मिले 34403 नए मरीज
कोरोना वायरस के मामलों में लगातार तीसरे दिन बढ़ोत्तरी रिकॉर्ड की गई है, जो एक खतरनाक संकेत है।
नई दिल्ली, 17 सितंबर: कोरोना वायरस के मामलों में लगातार तीसरे दिन इजाफा हुआ है और देशभर में संक्रमण के नए केस 34 हजार से ऊपर दर्ज किए गए हैं। शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि बीते 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस से संक्रमित 34403 नए मरीज मिले हैं, जबकि 37950 मरीज ठीक हुए हैं। हालांकि, दैनिक मामलों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने से देश में कोरोना वायरस के एक्टिव केस घटकर अब 3,39,056 ही बचे हैं। देशभर में अभी तक कुल 3,25,98,424 मरीज ठीक हो चुके हैं।
Recommended Video

कोरोना वायरस के मामलों में लगातार तीसरे दिन हुई बढ़ोत्तरी ने महामारी की तीसरी लहर की आशंका को और बढ़ा दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों के अंदर कोरोना वायरस की वजह से 320 लोगों की जान गई है और मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 4,44,248 हो गया है। वहीं, नए मरीज मिलने के बाद कोरोना के मामलों की कुल संख्या 3,33,81,728 तक पहुंच गई है। हालांकि, कोरोना वायरस के खिलाफ देश में टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है और अभी तक वैक्सीन की कुल 77,24,25,744 डोज दी जा चुकी हैं।
कोरोना के कुल मामलों में से 68 फीसदी मरीज केरल से
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, दक्षिण भारतीय राज्य केरल में कोरोना वायरस के हालात अभी भी चिंताजनक बने हुए हैं और कुल मामलों में से 22,182 केस अकेले केरल में दर्ज हुए हैं। इसके अलावा बीते एक दिन में केरल में कोरोना वायरस के कारण 178 लोगों की जान गई है। इससे पहले गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों में से 68 फीसदी मरीज केरल से ही हैं। केरल में फिलहाल कोरोना वायरस के 1.99 लाख से ज्यादा एक्टिव मामले हैं, जबकि पांच अन्य राज्यों- मिजोरम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में 10 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं।












Click it and Unblock the Notifications