125 दिन बाद कोरोना मामलों में बड़ी गिरावट, 24 घंटों में मिले 30093 केस और 374 लोगों की मौत
महामारी की तीसरी लहर की आशंका के बीच देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में एक बड़ी गिरावट देखने को मिली है।
नई दिल्ली, 20 जुलाई: महामारी की तीसरी लहर की आशंका के बीच देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में मंगलवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आंकड़े जारी करते हुए बताया पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 30,093 नए केस मिले हैं और 374 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा बीते एक दिन में कोरोना के 45,254 मरीज ठीक होकर अपने घर लौटे हैं। इन नए आंकड़ों के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 3,11,74,322 और ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 3,03,53,710 हो गई है।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस साल कोरोना के दैनिक मामलों में यह 125 दिन बाद सबसे बड़ी गिरावट है। वहीं, देश में कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी भी रेट लगातार बढ़ रहा है और इस समय 97.37 फीसदी है। रिकवरी रेट में तेजी की वजह से देश में कोरोना के एक्टिव केस घटकर अब 4,06,130 बचे हैं। इसके अलावा कोरोना मामलों का पॉजिटिविटी रेट फिलहाल 1.68 फीसदी है, जो लगातार 29वें दिन 3 फीसदी से नीचे बना हुआ है। कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में टीकाकरण अभियान देश में तेजी से चल रहा है, जिसमें अब तक वैक्सीन की कुल 41,18,46,401 डोज दी जा चुकी हैं।
तीसरी लहर को लेकर एम्स ने दी सलाह
आपको बता दें कि विशेषज्ञ लगातार इस बात की चेतावनी दे रहे हैं कि अगर लोगों ने कोरोना वायरस से बचाव के नियमों में लापरवाही बरती तो तीसरी लहर का खतरा बढ़ जाएगा। कोरोना के हालात देखते हुए सार्वजनिक तौर पर त्यौहार मनाने पर भी रोक लगाने की मांग उठ रही है। दिल्ली स्थित एम्स में मेडिसिन डिपार्टमेंट के प्रोफेसर डॉ. नीरज निश्चल ने सोमवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया, 'कोरोना की दूसरी लहर का असर अभी भी मौजूद है। त्यौहार खुशियां बांटने के लिए होते हैं, कोरोना का संक्रमण फैलाने के लिए नहीं। अगले 1-2 साल तक, जब तक कोरोना महामारी नियंत्रण में नहीं आती, तब तक हमें इसे फिर से फैलने का मौका नहीं देना चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications