पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 1.96 लाख से ज्यादा नए केस, 3511 मरीजों ने दम तोड़ा
नई दिल्ली, 25 मई। कोरोना महामारी की रफ्तार में पहले से कमी आई है। मंगलवार को जारी स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटो में देश में कोरोना के 1,96,427 नए केस सामने आए हैं और 3,511 लोगों ने दम तोड़ा है, जिसके बाद पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,69,48,874 पहुंच गई है और मौत का आंकड़ा 3,07,231 हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान 3,26,850 लोग अस्पताल से ठीक होकर घर भी लौटे हैं। इस वक्त देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 25,86,782 है तो वहीं भारत में अभी तक 19,85,38,999 लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। पिछले 24 घंटे में 24,30,236 लोगों को कोरोना का टीका लगा है।
Recommended Video

यही नहीं कल तक इंडिया में 20,58,112 सैंपल टेस्ट किए गए हैं जिसके बाद अब तक कुल 33,25,94,176 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। खास बात ये है कि पूरे 42 दिन के बाद देश में दो लाख से कम नए कोरोना केस सामने आए हैं, जो कि राहत के संकेत हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने क्या कहा?
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कल मीडिया से बात करते हुए जानकारी दी थी कि जिला स्तर पर भी कोरोना के मामलों में गिरावट देखी जा रही है क्योंकि 3 मई तक जो रिकवरी दर 81.7% थी वो अब बढ़कर 88.7% हो गई है।

राजधानी दिल्ली में भी कम हुए केस
सोमवार को राजधानी दिल्ली में भी कोरोना के 1550 नए केस सामने आए थे, जो कि रविवार की तुलना में काफी कम थे। दिल्ली में इस वक्त सक्रिय केस 24578 हैं तो वहीं दिल्ली में संक्रमण दर 2.52 फीसदी पहुंच गई है, तो वहीं रिकवरी रेट 96.61 फीसदी हो गई है, जो कि राहत का संकेत है। मालूम हो कि 30 मार्च के बाद मंडे को कोरोना के सबसे कम केस दिल्ली में दर्ज किए गए थे। हालांकि दिल्ली में एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन रविवार से बढ़ा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications