कोरोना के मामलों में 14% का उछाल, 24 घंटों में मिले 11903 मरीज और 311 लोगों की मौत
कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर से उछाल आया है और 11 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले हैं।
नई दिल्ली, 3 नवंबर: त्यौहारी सीजन में कोरोना वायरस का खतरा बरकरार है और पिछले एक दिन के भीतर संक्रमण के मामलों में 14.2 फीसदी का उछाल आया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 11903 नए केस मिले हैं, जबकि 311 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले सोमवार को कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा 10423 था। हालांकि कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है और एक दिन के अंदर 14159 मरीज ठीक हुए हैं। वहीं, पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 10,68,514 सैंपल टेस्ट किए गए हैं।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने से कोरोना वायरस के एक्टिव केस भी कम हो गए हैं और फिलहाल यह आंकड़ा 151209 पर आ गया है, जो पिछले 252 दिनों में सबसे कम है। कोरोना वायरस के कुल मरीजों में से अभी तक 3,36,97,740 मरीज ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा देशभर में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण भी जारी है, जिसमें अब तक वैक्सीन की कुल 1,07,29,66,315 डोज दी जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इनमें से 41,16,230 डोज बीते 24 घंटों के भीतर दी गई हैं।
इन पांच राज्यों में कोरोना के केस सबसे ज्यादा
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अभी भी कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा केस देश के पांच राज्यों में ही हैं। इनमें 6444 मामलों के साथ केरल पहले नंबर पर है। इसके बाद महाराष्ट्र (1078 केस), तमिलनाडु (973 केस), पश्चिम बंगाल (862 केस) और मिजोरम (638) शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि नए मामलों में 83.97 फीसदी केस इन्हीं पांच राज्यों से हैं, जबकि अकेले केरल में 54.14 फीसदी मामले रिकॉर्ड किए गए हैं। इसके अलावा बीते 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस से हुई कुल मौतों में से 187 लोगों की जान केरल और 48 लोगों की जान महाराष्ट्र में गई है।












Click it and Unblock the Notifications