UNGA में पाकिस्तान के आरोपों पर भारत ने किया पलटवार
नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में पाकिस्तान की ओर से लगाए गए आरोपों पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने पलटवार किया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के सबसे बड़े मंच पर हिजबुल आतंकी बुरहान वानी की तारीफ करके पाकिस्तान ने साबित कर दिया कि वह आतंकवाद का समर्थक है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट करके कहा, 'UNGA में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने भारत पर गैरवाजिब शर्तें लगाकर बातचीत रोकने का आरोप लगाया है। भारत की एक ही शर्त है- आतंकवाद का खात्मा। क्या यह पाकिस्तान को स्वीकार नहीं है?'
अगले ट्वीट में उन्होंने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान के रवैये का जिक्र किया और कहा, 'संयुक्त राष्ट्र के सबसे बड़े मंच पर हिजबुल आतंकी बुरहान वानी की तारीफ करके पाकिस्तान ने साबित किया है कि वह आतंकवाद का समर्थक है और उसके आतंकियों से संबंध हैं।'
विकास स्वरूप ने यह भी कहा कि उरी सेक्टर में हुए आतंकी हमलों पर नवाज शरीफ पूरी तरह चुप रहे। एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से इस साल अब तक घुसपैठ की 19 कोशिशें हो चुकी हैं।
एमजे अकबर ने भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने कहा कि ऐसा लगता है पाकिस्तान वर्तमान में सरकार के बजाय किसी युद्ध मशीन के जरिए चल रहा है। बात और बंदूकें एक साथ नहीं हो सकतीं।
बुरहानी वानी की तारीफ को लेकर उन्होंने कहा कि वानी स्वघोषित हिजबुल कमांडर था, उसका महिमा मंडन करके पाकिस्तान ने खुद को बेनकाब किया है। वहीं बातचीत के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से एक कदम नहीं बढ़ाया गया, मीलों चलना तो दूर की बात है।












Click it and Unblock the Notifications