INDIA alliance meet: विपक्षी गठबंधन INDIA में क्या शामिल होगा अकाली दल? राघव चड्ढा ने दिया जवाब
INDIA alliance meet: भाजपा के प्रतिनिधित्व वाले एनडीए गठबंधन को लोकसभा चुनाव 2024 में हराने के लिए विपक्षी राजनीतिक दल लामबंद हो चुके हैं। देश भर की 28 पार्टियों के INDIA नाम के गठबंधन की तीसरी बैठक 1 सितंबर को मुंबई में होने जा रही है। इस बैठक से पहले अटकलें लगाई जा रही है कि एनडीए की पुरानी सहयोगी पार्टी अकाली दल विपक्षी गठबंधन INDIA में शामिल हो सकती है। वहीं INDIA की मुंबई मीटिंग से पहले आप सांसद राघव चड्ढा ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

अकाली दल के शामिल होने की संभावनाओं पर क्या कहा?
आप सांसद राघव चड्ढ़ा ने कहा कि अकाली दल के संबंध में, कोई बातचीत नहीं हुई है और INDIA गठबंधन में उनके शामिल होने पर कोई बातचीत नहीं होगी। न्यूज18 को दिए इंटरव्यू में राघव ने कहा कि "अकाली दल के INDIA गठबंधन में शामिल होने के संबंध में कोई बातचीत नहीं हुई है और उनके शामिल होने पर कोई बातचीत नहीं होगी।"
मुंबई बैठक के पहले आप सांसद ने दी है प्रतिक्रिया
आप सांसद का ये बयान गुरुवार को मुंबई में INDIA की तीसरी बैठक के पहले आया है। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले देश के 28 राजनीतिक दलों ने भाजपा के खिलाफ हाथ मिलाया है और विपक्षी गुट ने स्पष्ट कर दिया है कि वह सहयोगी हासिल करने के लिए और अधिक दलों के साथ बातचीत के लिए तैयार है लेकिन आप सांसद राघव चड्ढा के बयान से साफ है कि पंजाब में अपनी प्रमुख विपक्षी पार्टी अकाली दल को आप इंडिया गठबंधन में शामिल करने के पक्ष में नहीं है।
शरद पवार ने आकली दल को शामिल करने पर जानें क्या कहा?
महा विकास अघाड़ी मुंबई में INDIA गठबंधन की तीसरी बैठक की मेजबानी कर रही है। बुधवार को जब एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार से अकाली दल और अन्य पार्टियों के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा हमें क्षेत्रीय गतिशीलता पर विचार करने की जरूरत है।
मतभेद पैदा करने वाले निर्णय नहीं लिए जाएंगे
इसके साथ ही शरद पवार ने कहा था अकाली दल के मामले में यदि वे हाथ मिलाना चाहते हैं, तो वे आ सकते हैं, लेकिन पंजाब में AAP सरकार है और कांग्रेस जो कि INDIA गठबंधन का भी हिस्सा है, वहां एक अलग रुख और रणनीति है। इसलिए हमें कोई भी फैसला लेने से पहले उनसे सलाह लेनी होगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा हमें ऐसा कोई निर्णय नहीं लेना चाहिए जो हमारे गठबंधन के भीतर मतभेद पैदा करे।
छोटे दलों को शामिल करने पर आप सांसद ने बोली ये बात
वहीं राघव चड्ढा ने कहा कि सभी क्षेत्रीय दलों की अपनी ताकत और कमजोरियां हैं, लेकिन यह तथ्य कि आज INDIA गठबंधन में 11 मौजूदा मुख्यमंत्री एक मंच पर मिले,ये इस बात का सबूत है कि क्षेत्रीय दल जो लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं और भारत को बेरोजगारी की जंजीरों से मुक्त कराना चाहते हैं। इसलिए सब साथ आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications