Heatwave in India: अब हीटवेव की बारी, 13 से 19 अप्रैल के बीच देश के इन हिस्सों में चलेगी लू
Weather update: मौसम विभाग ने अपने अलर्ट में कहा है कि अब तापमान में इजाफा होना शुरू होगा और 13 से 19 अप्रैल के बीच लू की मार झेलने को मिलेगी।

दिल्ली-एनसीआर में लगातार करवट बदल रहे मौसम के बीच अब भारतीय मौसम विभाग ने हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अपने अलर्ट में कहा है कि 13 से 19 अप्रैल के बीच उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान उत्तर पश्चिम भारत सहित देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। हालांकि मध्य भारत के आंतरिक हिस्सों में तापमान के सामान्य से नीचे रहने की ही संभावना है।
'फिलहाल किसी पश्चिमी विक्षोभ की उम्मीद नहीं'
भारतीय मौसम विभाग में वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया, 'अब उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर देखने को मिलेगा। आंधी पूरी तरह से थम गई है और फिलहाल आने वाले कुछ दिनों में हमें किसी पश्चिमी विक्षोभ की उम्मीद नहीं है। तापमान भी अब सामान्य के करीब है, लेकिन एक सूखे जैसी स्थिति के जारी रहने के आसार हैं। इसकी वजह से गर्मी बढ़ेगी और करीब एक हफ्ते बाद उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत के अलग-अलग हिस्सों में लू की मार झेलनी पड़ सकती है।'

आपको बता दें कि अभी आंतरिक महाराष्ट्र, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और आंतरिक ओडिशा में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत, गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की अगर बात करें तो यहां तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस कम हैं। इनके अलावा देश के बाकी हिस्सों में तापमान फिलहाल सामान्य के करीब ही है।
फिलहाल 5 दिन सामान्य रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तापमान में 2 से 4 डिग्री का इजाफा होगा। हालांकि तेलंगाना, आंतरिक महाराष्ट्र, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक ओडिशा को अगर छोड़ दें तो देश के अधिकांश हिस्सों में ये तापमान की सामान्य स्थिति होगी। वहीं अगले पांच दिनों में देश के किसी हिस्से में फिलहाल लू चलने जैसी स्थिति के आसार नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications