Delhi- NCR में 3 सितंबर को होगी भारी बारिश, नोएडा, गाजियाबाद में बंद रहेंगे स्कूल, जानें अन्य जिलों का हाल
Delhi NCR rain: दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश ने भयंकर तबाही मचाई हुई है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते आम जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित है। मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी की गई भारी बारिश की चेतावनी के बीच कुछ जिलों में स्कूलों को 3 सितंब को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर 3 सितंबर 2025 को नैनीताल, शिमला, चंडीगढ़, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर सहित कई शहरों में सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।इसके साथ ही जिला प्रशासन ने घर से निकलते समय नागरिकों से सावधानी बरतने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और कमजोर इमारतों के पास न जाने की अपील की है।

गाजियाबाद और नोएडा में बंद रहेंगे स्कूल
बता दें मौसम विभाग ने दिल्ली और एनसीआर ने 3 सितंबर को रेड अलर्ट जारी किया है। इस स्थिति के चलते कुछ क्षेत्रों में सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। गाजियाबाद और नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) में प्रशासन ने सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है, ताकि छात्रों को किसी भी असुविधा या खतरे से बचाया जा सके।

नैनीताल में बंद रहेंगे स्कूल
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में लगातार बारिश और भूस्खलन के बढ़ते जोखिम को देखते हुए, स्थानीय प्रशासन ने 3 सितंबर को सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
शिमला में बंद रहेंगे स्कूल
हिमाचल प्रदेश के शिमला में भी भारी बारिश से जलभराव और भूस्खलन की घटनाओं में वृद्धि हुई है। इसके परिणामस्वरूप, 3 सितंबर को सभी स्कूल, कॉलेज, आंगनवाड़ी केंद्र और अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि शिमला में अगस्त 2025 में 431.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो पिछले 76 वर्षों में सबसे अधिक है।
चंडीगढ़ में बंद रहेंगे स्कूल
चंडीगढ़ प्रशासन ने भी खराब मौसम के कारण 3 सितंबर को सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है। शहर में भारी बारिश से जलभराव और सड़क जाम की समस्या बढ़ गई है। प्रशासन ने नागरिकों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।
क्या गुरुग्राम में स्कूल बंद रहेंगे?
गुरुग्राम में आईएमडी द्वारा ऑरेंज अलर्ट जारी किया है इसके बावजूद जिला प्रशासन ने 3 सितंबर को स्कूलों को बंद रखने संबंधी कोई एडवाइजरी जारी नहीं की है। आज तक की रिपोर्ट के अनुसार गुरुग्राम के जिलाधिकारी ने जानकारी दी है कि 3 सितंबर को जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, कॉर्पोरेट कार्यालय और प्रतिष्ठान सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।
स्थानीय प्रशासन ने जारी किया एडवाइजरी
जिन जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश होने को लेकर अलर्ट जारी किया है, उन जिलों में स्थानीय प्रशासन ने लोगों से नदियों और नालों के पास न जाने, पुराने और जर्जर संरचनाओं से दूर रहने, तथा मौसम संबंधी अपडेट्स पर नजर रखने की अपील की है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके चलते सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications