नहीं रहे 'आइडियल आइसक्रीम' के संस्थापक शिबरूर प्रभाकर कामथ, मंगलुरू के अस्पताल में निधन
नहीं रहे 'आइडियल आइसक्रीम' के संस्थापक शिबरूर प्रभाकर कामथ, मंगलुरू के अस्पताल में निधन
मंगलुरू, 6 नवंबर: मशहूर 'आइडियल आइसक्रीम ब्रांड' के संस्थापक शिबरूर प्रभाकर कामथ का निधन हो गया है। वह 79 साल के थे। कर्नाटक के मंगलुरु में एक निजी अस्पताल में शनिवार तड़के उन्होंने आखिरी सांस ली। कामथ 29 अक्टूबर को बेजई के पास एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, उनका शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां शनिवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे उनका निधन हो गया। कामथ अपने पीछे परिवार में पत्नी, बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं।

'आइडियल आइसक्रीम ब्रांड' को शुरू कर शिबरूर प्रभाकर कामथ ने ना सिर्फ कर्नाटक और दक्षिण भारत बल्कि पूरे देश में एक पहचान बनाई थी। दक्षिण भारत में तो वो 'पब्बा माम' के नाम से मशहूर थे। उन्होंने 1975 में आइडियल ब्रांड की स्थापना की जिसने काफी प्रसिद्धि अर्जित की और देश भर में लोकप्रिय आइसक्रीम ब्रांडों में से एक के तौर पर पहचान बनाई। 1975 में उन्होंने मंगलुरू के मार्केट रोड पर 14 फ्लेवरों में आइस्क्रीम के साथ आइडियल आइसक्रीम पार्लर खोला था।
आइडियल के मंगलुरु शहर में पांच पार्लर हैं, जिनमें से एक देश का सबसे बड़ा आइसक्रीम पार्लर है। इसके उत्पाद तीन राज्यों में रिटेल आउटलेट्स पर उपलब्ध हैं। आइडियल आइसक्रीम के ब्रांड का नेटवर्क कर्नाटक केरल और गोवा में है। कामथ के आइडियल आइसक्रीम ब्रांड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई पुरस्कार भी मिले हैं।
कर्नाटक के नेताओं ने जताया दुख
प्रभाकर कामथ के निधन पर कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कतील, केंद्रीय मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा के अलावा वेदव्यास कामथ, भरत शेट्टी, हरीश पूंजा, श्रीनिवास पुजारी, रामनाथ राय और यूटी खाद समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने शोक व्यक्त किया है।












Click it and Unblock the Notifications