चंदा कोचर तक पहुंची PNB महाघोटाले की आंच, SFIO ने भेजा समन
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक में 12, 636 करोड़ रुपए के महाघोटाले की जांच की आंच अब देश की दो बड़ी प्राइवेट बैंकों की सीईओ तक पहुंच गई है। इस मामले में SFIO ने पूछताछ के लिए आईसीआईसीआई बैंक की सीईओ चंदा कोचर को बुलाया है। इसके अलावा एक्सिस बैंक की सीईओ शिखा शर्मा को भी नोटिस भेजा गया है। खबरों के मुताबिक करीब 31 बैंकों ने मेहुल चोकसी के गीतांजलि ग्रुप को करीब 5280 करोड़ रुपए का लोन दिया था। इनमें ICICI बैंक के करीब 405 करोड़ रुपए और एक्सिस बैंक से भी एक बड़ी रकम नीरव मोदी को दी गई है।

ये दोनों ही टॉप बैंक अधिकारी उस कंसोर्शियम की सदस्य थी, जिन्होंने नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी की कंपनियों के लिए बैंक लोन की मंजूरी दी थी। इस मामले में CBI ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए गीतांजलि ग्रुप के वाइस प्रेजिडेंट (ऑपरेशंस) विपुल चैतालिया को मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में ले लिया है।
सूत्रों के मुताबिक कोचर को पूछताछ के लिए बीते सोमवार और मंगलावर (6 मार्च, 2018) को उपस्थित रहने को कहा था। SFIO ने मंगलवार को घोटाला मामले की जांच के संबंध में गीतांजलि समूह के बैंकिंग कामकाज के उपाध्यक्ष से पूछताछ शुरू कर दी है।
SFIO ने इन दोनों के अलावा पीएनबी के एमडी सुनील मेहता को भी समन भेजा है, उन्हें बुधवार को पेश होने के लिए कहा गया है। एसएफआईओ को संदेह है कि नीरव मोदी और मेहुल चौकसी ने देश भर में करीब 400 शेल कंपनियां बना रखी थीं, जिनमें देश भर में फर्जी डायरेक्टर भी थे और इनके जरिए रकम को देश से बाहर भेजने का काम किया गया।












Click it and Unblock the Notifications