स्टेडियम में कुत्ता टहलाने वालीं IAS रिंकू दुग्गा को किया गया जबरन रिटायर, जानिए क्यों?
IAS Rinku Dugga retired: आपको वो आईएएस पति-पत्नी याद हैं, जिनके ऊपर पिछले साल आरोप लगा था कि दिल्ली के स्टेडियम में अपना कुत्ता टहलाने के लिए उन्होंने खिलाड़ियों को स्टेडियम से बाहर निकाल दिया था और जिसके बाद दोनों पति-पत्नी का ट्रांसफर अरुणाचल प्रदेश और लद्दाख कर दिया गया था?
अब इन्हें लेकर एक और बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल सरकार ने इनमें से पत्नी, आईएएस ऑफिसर रिंकू दुग्गा को अनिवार्य रिटायरमेंट दे दी है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, रिंकू दुग्गा के करियर रिकॉर्ड के आधार पर ये फैसला लिया गया है।

क्यों किया गया रिंकू दुग्गा को रिटायर?
इस बारे में एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि करते हुए बताया, 'हां, रिंकू दुग्गा के ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर उनकी अनिवार्य रिटायरमेंट के आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्हें 1972 के सेंट्रल सिविल सर्विसेज पेंशन रूल्स के नियम संख्या 48 और फंडामेंटल रूल्स 56(जे) के तहत रिटायर किया गया है। अगर सरकार को ऐसा लगता है कि उसका ये कदम जनहित में है, तो उसके पास किसी भी सरकारी अधिकारी को अनिवार्य रिटायरमेंट देने का अधिकार है।' हालांकि इस मामले पर अभी तक रिंकू दुग्गा की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कौन हैं आईएएस रिंकू दुग्गा?
आपको बता दें कि 54 वर्षीय रिंकू दुग्गा 1994 बैच की एजीएमयूटी कैडर की आईएएस अधिकारी हैं। दिल्ली में स्टेडियम विवाद के बाद उनकी पोस्टिंग अरुणाचल प्रदेश में थी। वहीं रिंकू दुग्गा के पति संजीव खिरवार भी 1994 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उनका ट्रांसफर लद्दाख किया गया था। हालांकि उस समय भी दोनों के ट्रांसफर की जगह को लेकर सवाल उठ थे और सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा था कि खिलाड़ियों के साथ ऐसा बर्ताव करने वाले अधिकारियों को लद्दाख और अरुणाचल जैसी सुंदर जगहों पर क्यों भेजा गया।












Click it and Unblock the Notifications