नोटबंदी के बाद IAS कपल ने सिर्फ 500 रुपये में की शादी, दूसरों के लिए बने मिसाल
भोपाल। नोटबंदी के फैसले के बाद तमाम ऐसी खबरें आईं कि लोगों को शादी-विवाह में पैसों की कमी की वजह से परेशानी उठानी पड़ रही है। लेकिन मध्य प्रदेश में एक आईएएस कपल ने सिर्फ पांच सौ रुपये में शादी करके दूसरों के सामने एक मिसाल पेश की है।

शादी में उन्होंने जो पैसे खर्च किए वह भिंड में एडीएम कोर्ट की फीस थी। मध्य प्रदेश काडर के आईएएस आशीष वशिष्ठ फिलहाल गोहड़ में एसडीएम हैं जबकि उनकी पत्नी विजयवाड़ा में एसडीएम हैं। दोनों ने साल 2013 में आईएएस की परीक्षा पास की थी और मसूरी में लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी में ट्रेनिंग के दौरान उनके बीच प्यार हुआ था।
दोनों चाहते थे साधारण शादी
आशीष ने पहले ही भिंड एडीएम कोर्ट में शादी के लिए अप्लीकेशन दी थी, जिसके बाद उन्हें 28 नवंबर की तारीख मिली थी। लड़का-लड़की अपने परिजनों के साथ तय समय पर सोमवार को एडीएम कोर्ट पहुंचे और शादी की कानूनी कार्यवाई पूरी की। उन्होंने कहा कि वे साधारण शादी चाहते थे।
भिंड के कलेक्टर टी. इलाया ने कहा, 'वे दोनों शादी करना चाहते थे और यह एडीएम कोर्ट में संपन्न हुई।'
पूरे स्टाफ ने दी बधाई
आशीष मूल रूप से राजस्थान से हैं जबकि उनकी पत्नी सलोनी पंजाब से हैं। शादी के बाद अब सलोनी को नियमों के तहत मध्य प्रदेश काडर मिल सकता है। उन्होंने बताया कि शादी पूरी तरह साधारण थी। पूरे स्टाफ ने इस मौके पर उन्हें बधाई दी।












Click it and Unblock the Notifications