हैदराबाद NIMS ने रचा कीर्तिमान, 24 घंटे में किए 4 सफल किडनी ट्रांसप्लांट
हैदराबाद NIMS ने 24 घंटे में 4 किडनी ट्रांसप्लांट कर दिए। ये अपने आप में एक रिकॉर्ड है। सभी मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हैं।

किडनी ट्रांसप्लांट बहुत ही जटिल प्रक्रिया है, लेकिन हैदराबाद के डॉक्टर्स ने इसको लेकर नया कीर्तिमान रचा, जहां निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (NIMS) अस्पताल में 24 घंटे के अंदर चार मरीजों का ट्रांसप्लांट हुआ। सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और उनकी निगरानी की जा रही। ये देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और माना जा रहा कि ऐसा पहली बार हुआ है।
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक चारों मरीजों की किडनी पूरी तरह से खराब हो गई थी, ऐसे में उनको तुरंत ट्रांसप्लांट की जरूरत थी। जिस वजह से NIMS में यूरोलॉजी और रीनल ट्रांसप्लांटेशन विभाग ने 24 घंटे के अंदर एक लाइव-रिलेटेड रीनल ट्रांसप्लांट और तीन कैडेवरिक रीनल ट्रांसप्लांट समेत कुल चार ट्रांसप्लांट किए गए। अस्पताल के मुताबिक ब्रेन डेड मरीज से किडनी लेने वाले मरीज महबूबनगर, करीमनगर और हैदराबाद जिले के हैं। उनका ट्रांसप्लांट सफल मान लिया गया है क्योंकि वो ठीक से यूरिन का उत्पादन कर रहे।
अस्पताल ने अपने बयान में आगे कहा कि सभी मरीज पिछले 4-5 सालों से हेमोडायलिसिस पर थे। तीन को ब्रेन डेड शख्स से किडनी मिली, जबकि एक महिला को उनके पति ने किडनी दी। वो हैदराबाद के रहने वाले हैं। जिस शख्स ने किडनी डोनेट की है, वो भी अच्छी तरह से रिकवर हो रहे। वैसे तो चार ट्रांसप्लांट 24 घंटे के अंदर मुश्किल काम है, लेकिन दो डेडिकेटेड ट्रांसप्लांट थिएटर की वजह से ऐसा हो पाया है।
फ्री में हुआ ट्रांसप्लांट
वहीं तेलंगाना के मंत्री हरीश राव ने भी इस उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की आरोग्यश्री योजना के तहत ऑपरेशन मुफ्त में किए गए। गरीब और जरूरतमंद रोगियों के लिए उनकी सेवाओं के लिए निम्स के डॉक्टरों को बधाई। एक मरीज पर करीब 10 से 15 लाख रुपये तक का खर्च आया है, जिसे सरकार वहन कर रही।
ये डॉक्टर्स थे शामिल
प्रोफेसर डॉ. राम रेड्डी, प्रोफेसर डॉ. राहुल देवराज, डॉ. विद्यासागर, डॉ. रामचंद्रैया, डॉ. रघुवीर, डॉ. चरण कुमार, डॉ. धीरज, डॉ. विनय, डॉ. सुनील, डॉ. अरुण, डॉ. जानकी, डॉ. विष्णु, डॉ. पवन, डॉ. हर्ष, डॉ. सूरज, डॉ. पूवरसन, डॉ. अनंत, डॉ. शाहरुख।












Click it and Unblock the Notifications