'मेरे लिए मुस्लिम भी बनने को तैयार था नागाराजू', पति को खो चुकीं सुल्ताना का छलका दर्द
'मेरे लिए मुस्लिम भी बनने को तैयार था नागाराजू', पति को खो चुकीं सुल्ताना का छलका दर्द
हैदराबाद, 06 मई: ''मैं शुरुआत में पहचान ही नहीं पाई कि मेरे पति को पीटने वाला शख्स मेरा भाई था...', ये बात अपने पति को खो चुकी सुल्ताना ने कही है। अंतरधार्मिक विवाह को लेकर हैदराबाद के बीच सड़क पर आश्रीन सुल्ताना (उर्फ पल्लवी) के पति बिलापुरम नागाराजू को पीट-पीट कर साले ने जान से मार दिया। गैर धर्म में हुई शादी को लेकर आश्रीन सुल्ताना के परिवार वाले इतने गुस्से में थे कि उन्होंने अपनी बहन के पति को सरेआम हैदराबाद के सरूरनगर तहसीलदार कार्यालय में कथित तौर पर पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। ये घटना बुधवार 4 मई की है। अब आश्रीन सुल्ताना ने अपने परिवार और पति को लेकर कई बातों का खुलासा किया है। आइए जानें हैदराबाद में ऑनर किलिंग को लेकर अबतक के सारे अपडेट।
Recommended Video

'लोहे की छड़ से नागराजू का सिर तोड़ा...'
न्यूज 18 को दिए इंटरव्यू में पीड़ित बिलापुरम नागाराजू (25) की पत्नी आश्रीन सुल्ताना (उर्फ पल्लवी) ने उन भयावह क्षणों और उस पृष्ठभूमि के बारे में बताया है, जब उनके दिवंगत पति की पीट-पीटकर निर्मम तरीके हत्या कर दी गई।
आश्रीन सुल्ताना ने कहा, ''हमलावर दो अलग-अलग बाइक पर आए थे। उन्होंने लोहे की छड़ से नागराजू का सिर तोड़ा। कोई भी हमारी मदद के लिए नहीं आया। अपराध के 30 मिनट बाद पुलिस पहुंची थी। पहले तो मैं पहचान ही नहीं पाई थी कि हमलावर कोई और नहीं बल्कि मेरे भाई थे।''

'शादी से पहले मेरा भाई मुझे फांसी पर लटका रहा था...'
सुल्ताना ने कहा, ''मेरी शादी से पहले, मेरे भाई ने मुझे मारने की कोशिश की। उसने मुझे दो बार फांसी देने की कोशिश की। मैं हैदराबाद भाग गई और हमने आर्य समाज के मंदिर में शादी कर ली। हमने अपना सिम कार्ड बदल दिया ताकि हमारा परिवार हमसे संपर्क न कर सके।" दोनों कई सालों से रिलेशनशिप में थे और इसी जनवरी 2022 में उन्होंने शादी कर ली थी।

'मां ने चेतावनी दी थी कि अगर शादी हुई तो भाई हमें मार डालेगा...'
सुल्ताना ने कहा, ''मेरी मां ने हमें चेतावनी दी थी कि अगर हमारी शादी हुई तो मेरा भाई हमें मार डालेगा। हमारी शादी के तुरंत बाद ... हम एसपी (पुलिस अधीक्षक) कार्यालय गए ... हमने एक बांड पर हस्ताक्षर किए ... हमने पुलिस को सूचित किया मेरा भाई मुझे इसको लेकर धमकी दे रहा है।''

'अगर किसी ने मदद की होती तो मेरा पति जिंदा होता...'
सुल्ताना ने यह भी खेद व्यक्त किया कि कोई भी उसके पति के बचाव में नहीं आया, यहां तक कि उसने मदद के लिए भीख मांगी। उन्होंने कहा, "अगर देखने वालों ने मदद की होती तो मेरे पति आज जिंदा होते। यह केवल हमारे बारे में नहीं है, दुनिया में कहीं भी ऐसा अपराध होने पर लोगों को मदद के लिए आना चाहिए।" उन्होंने कहा, ''हमला 15-20 मिनट तक चलता रहा, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। जब नागराजू की सड़क के बीच में हत्या कर दी गई, तो कोई भी हमारी मदद करने के लिए नहीं आया।''

'नागाराजू मेरे लिए मुस्लिम भी बनने को तैयार था...'
नागाराजू की पत्नी सुल्ताना ने कहा, "हमारी शादी के महीनों पहले से, मैंने उसे किसी और से शादी करने के लिए मनाने की कोशिश की क्योंकि मैं नहीं चाहती था कि मेरी वजह से उसकी जान को कोई खतरा हो। लेकिन वो नहीं माना। नागाराजू मेरे लिए मुस्लिम भी बनने को तैयार था लेकिन वो भी मेरे परिवार को रास नहीं आया। जब मेरे परिवार को हमारे बारे में पता चला तो उन्होंने काम पर जाने पर जान से मारने की धमकी दी थी।"

जानें घटना पर क्या कहती है पुलिस
नागाराजू और उनकी पत्नी सैयद अश्रीन सुल्ताना (उर्फ पल्लवी) दोनों 11 साल से दोस्त थे और तीन महीने पहले परिवार की इच्छा के खिलाफ शादी की थी। दोनों अलग-अलग समुदायों से थे। अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने नागाराजू को जमीन पर धकेल दिया और रॉड से अंधाधुंध पीटा और चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है, जिनमें सुल्ताना के परिवार के सदस्य भी शामिल हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि महिला का भाई उसकी शादी दूसरे धर्म के व्यक्ति से करने के खिलाफ है और उसने उस व्यक्ति को खत्म करने का फैसला किया।












Click it and Unblock the Notifications