बाल अधिकार संरक्षण आयोग का बड़ा आरोप- बदलापुर स्कूल ने बच्चियों के साथ हुई दरिंदगी की घटना को छिपाया
Badlapur school child abuse case:महाराष्ट्र के बदलापुर स्कूल में दो छोटी लड़कियों के साथ कथित तौर पर यौन दुर्व्यवहार किया गया था। इस मामले में महाराष्ट्र राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष सुसीबेन शाह ने बुधवार को आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन ने शिकायत दर्ज कराने में उनके माता-पिता की मदद करने के बजाय अपराध को छुपाना बेहतर समझा।
बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष सुसीबेन शाह ने मामले की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा कि दो किंडरगार्टन छात्रों के साथ कथित यौन शोषण का मामला यौन अपराध से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत स्पष्ट मामला है। घटना के बारे में जानकारी मिलने के बाद माता-पिता ने ठाणे जिला बाल संरक्षण इकाई से संपर्क किया।

स्कूल प्रशासन ने मामला छिपाया
शाह ने कहा "बाल संरक्षण इकाई उन्हें शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस के पास ले गई। जब मैंने स्कूल प्रबंधन से मामले के बारे में पूछा, तो उन्होंने इसे छिपाने की कोशिश की। मैंने उनसे यह भी पूछा कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ POCSO प्रावधान क्यों नहीं लगाए जाने चाहिए।" उन्होंने कहा कि अगर स्कूल प्रबंधन ने समय रहते पुलिस को सूचित कर दिया होता, तो बदलापुर में अराजक स्थिति से बचा जा सकता था।
पुलिस ने माता-पिता को 12 घंटे तक इंतजार करवाया
आयोग की अध्यक्ष शाह ने खुलासा किया कि अभिभावकों को 12 घंटे तक इंतजार करवाने से यह समस्या उत्पन्न हुई। कथित यौन हमले की जानकारी होने के बावजूद प्रिंसिपल ने "पुलिस से संपर्क नहीं करने का फैसला किया"। शाह ने कहा, "इसके बजाय, वह स्कूल प्रबंधन के पास गईं।" उन्होंने इस घटना को "भयानक स्थिति" बताया।
बाल संरक्षण इकाई को प्रभावी करने पर दिया जोर
महाराष्ट्र के हर जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत एक बाल संरक्षण इकाई है। उन्होंने बताया कि हर पुलिस स्टेशन में एक विशेष किशोर संरक्षण इकाई भी है। उन्होंने कहा हम सभी को मिलकर इस प्रणाली को प्रभावी ढंग से काम करने के लिए प्रयास करना चाहिए।"
शाह ने यह भी कहा कि वे शैक्षणिक संस्थानों के लिए एक "संरचित प्रक्रिया" की सिफारिश करेंगी ताकि भविष्य में ऐसी स्थितियों से बचा जा सके। उन्होंने कहा, "राज्य को ऐसी प्रक्रियाओं को लागू करना चाहिए और उन्हें सख्ती से लागू करना चाहिए।"
ठाणे के एक स्कूल में बस अटेंडेंट द्वारा छात्रों के साथ कथित छेड़छाड़ के एक पुराने प्रकरण का जिक्र करते हुए शाह ने याद दिलाया कि तब उन्होंने शिक्षण संस्थानों में शिक्षण, गैर-शिक्षण और संविदा कर्मचारियों के अनिवार्य पुलिस सत्यापन की आवश्यकता पर जोर दिया था। कथित छेड़छाड़ 20 फरवरी को हुई थी जब छात्र एक निजी बस से मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक मॉल गए थे।












Click it and Unblock the Notifications