अशोक गहलोत के बयान पर अनुराग ठाकुर का तंज, कांग्रेस से सीखना चाहिए चुनाव हारने का तरीका
अशोक गहलोत के बयान अनुराग ठाकुर का तंज, कांग्रेस से सीखना चाहिए चुनाव हारने का तरीका
नई दिल्ली, 12 मार्च: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हालिया चुनावों में हार को लेकर कांग्रेस पर तंज कसा है। सोमवार को संसद की कार्यवाही में भाग लेने पहुंचे ठाकुर से राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के उस बयान पर जवाब मांगा गया था जिसमें उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनना चाहिए। इस पर ठाकुर ने कहा कि चुनाव कैसे हारना चाहिए, यह कांग्रेस से सीखना चाहिए।

क्या कहा है गहलोत ने
पांच राज्यों में हार के बाद कांग्रेस में बैठकों का दौर जारी है। इस बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि अब राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनना चाहिए, इससे पार्टी एकजुट रहेगी। गहलोत ने कहा है कि अलग-अलग समय में अलग-अलग राजनैतिक परिस्थितियां बनती है। चुनाव में हार जीत होती रहती है, हम उससे घबराते नहीं है।
विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को लगा है बड़ा झटका
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे 10 मार्च को आए है। पांचों ही राज्यों में कांग्रेस का प्रदर्शन काफी ज्यादा खराब रहा है। एक भी राज्य में कांग्रेस जीत तो दूर मुख्य मुकाबले में आने में भी नाकाम रही है।
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और पंजाब में हुए विधानसभा चुनावों में चार राज्यों में भाजपा और एक में आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है। कांग्रेस की बात की जाए तो पंजाब में कांग्रेस सत्ता में थी लेकिन इस चुनाव में राज्य की 117 में से महज 18 सीट जीत सकी है। 2017 में गोवा और मणिपुर में बीते चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। इस चुनाव में गोवा में कांग्रेस को 40 में से 11 सीटें ही मिली हैं। वहीं मणिपुर में 60 सीटों में से सिर्फ पांच सीट कांग्रेस जीत सकी है।
उत्तराखंड में भी कांग्रेस भाजपा से बुरी तरह हारी है। राज्य की 70 सीटों में कांग्रेस 19 ही जीत सकी है। कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश में तो काफी बुरी गत हुई है। राज्य में कांग्रेस के 90 फीसदी से ज्यादा कैंडिडेट जमानत नहीं बचा सके हैं। राज्य की 403 में से कांग्रेस के सिर्फ दो विधायक जीते हैं। जो उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों के इतिहास में कांग्रेस का सबसे खराब प्रदर्शन है।












Click it and Unblock the Notifications