हाउसिंग सोसायटी ने मुस्लिम परिवार को फ्लैट देने से किया इनकार
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक हाउसिंग सोसायटी ने मुस्लिम परिवार को घर देने से इनकार किया है। बीते चार सितंबर को हुई सोसायटी की एक मीटिंग में वहां रहने वाले लोगों ने मुस्लिम समुदाय के किसी व्यक्ति वहां घर न देने का फैसला लिया है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, हैप्पी जीवन को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी ने कांताबेन पटेल (55) और उनके बेटे जिग्नेश पटेल (32) को नोटिस जारी करके हिदायत दी है कि वे अपना घर मुस्लिम परिवार को ना बेचें। जिग्नेश ने एक मुस्लिम कारोबारी को अपना फ्लैट बेचने का फैसला लिया था।
किसी और को फ्लैट बेचने के लिए कहा
16 फ्लैट वाली सोसायटी के 11 सदस्यों ने एक लिखित पत्र के जरिए जिग्नेश को यह हिदायत दी है। पत्र में लिखा है, 'हमें पता चला है कि आप अपना घर किसी मुस्लिम युवक को बेचने जा रहे हैं। हमें लगता है कि आपको ऐसा नहीं करना चाहिए। आप किसी और समुदाय के व्यक्ति को फ्लैट बेंच दें तो बेहतर रहेगा।' बता दें कि सोसायटी में ज्यादातर गुजराती परिवार रहते हैं।
इसी सोसायटी में दो मुस्लिम परिवार पहले से रह रहे हैं। हालांकि के दौरान दोनों परिवारों से कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था।
पक्की हो चुकी है डील, एडवांस भी चुकाया
सोसायटी की ओर से चिट्ठी मिलने पर पटेल परिवार ने पुलिस और हाउसिंग सोसायटी सब-रजिस्ट्रार से इसकी शिकायत की है। जिग्नेश ने बताया कि उन्होंने विकार अहमद खान (35) से फ्लैट की डील पक्की कर ली थी और एक लाख रुपये एडवांस भी ले लिए थे। डील पक्की होने पर खान ने सोसायटी से NOC भी हासिल कर ली थी, ताकि वह लोन के लिए अप्लाई कर सकें।
सेक्रेटरी बोले- जल्द सुलझाएंगे मामला
सोसायटी के सचिव जीतेंद्र जैन ने कहा, 'मुस्लिम परिवार के लोगों को फ्लैट न देने का फैसला बहुमत से लिया गया है। पहले फ्लोर पर रहने वाले लोगों को गैर-हिंदुओं के रहने से दिक्कत है। हम जल्द मामला सुलझा लेंगे।'
बता दें कि जिग्नेश का फ्लैट पहले फ्लोर पर है। पहले फ्लोर पर कुल पांच फ्लैट हैं, जिनमें गुजराती परिवार रहते हैं। कुछ लोगों का कहना है कि गुजराती परिवार नहीं चाहते कि वहां कोई नॉनवेज खाने वाला व्यक्ति आकर रहे।












Click it and Unblock the Notifications