आतंकी हमलों से बेपरवाह मोदी सोमवार को श्रीनगर की जनता के बीच में
श्रीनगर। सोमवार को श्रीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक चुनावी रैली को संबोधित करने वाले हैं। शुक्रवार को हुए आतंकी हमलों के बाद होने वाली इस रैली से पहले घाटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

नौ दिसंबर को कश्मीर में विधानसभा चुनावों के तहत तीसरे दौर के लिए वोट डाले जाएंगे। मोदी की इस रैली से पहले सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग भीश्रीनगर पहुंच चुके हैं। उन्होंने सेना के आला अफसरों के साथ सुरक्षा के इंतजामों का जायजा लिया।
मोदी श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में जनता को संबोधित करेंगे। इस रैली से पहले पूरे राज्य में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। पिछले कुछ दिनों में घाटी में ग्रेनेड अटैक्स बढ़े हैं और इन्हें देखते हुए भी सुरक्षा बल खासे चौकन्ने हैं। जगह-जगह पर गाड़ियों को रोककर उनकी तलाशी ली जा रही है और साथ ही कई इलाकों में बैरीकेडिंग भी कर दी गई है।
आपको बता दें कि शुक्रवार को कश्मीर के बारामूला स्थित उरी में सेना के कैंप पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में छह आतंकी मारे गए थे। सेना की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इन हमलों में पाक और खासकर लश्कर ए तैयबा का हाथ होने के सुबूत मिले हैं।
सेना की ओर से बताया गया है कि हमलों को पूरी साजिश के साथ अंजाम दिया गया था। जो आतंकी इन हमलों में शामिल थे उन्हें पूरी ट्रेनिंग दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications