तंबाकू खाने वाले हो जाएं सावधान, सरकार ने जारी की तंबाकू पैक पर नई चेतावनी
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (Ministry of Health & Family Welfare) ने कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण की रोकथाम के मद्देनजर तंबाकू उत्पादों को लेकर एक अधिसूचना जारी की है। ये अधिसूचना सोमवार को जारी की गई है। इसमें तंबाकू उत्पादों के पैक पर नई स्वास्थ्य चेतावनी दी गई है। इसमें कहा गया है कि 1 सितंबर, 2020 को या उसके बाद निर्मित या आयातित या पैक किए गए सभी तंबाकू उत्पाद पर पहली तस्वीर प्रदर्शित होनी चाहिए।

साथ ही 1 सितंबर, 2021 को या उसके बाद निर्मित या आयातित या पैक किए गए तंबाकू उत्पाद पर दूसरी तस्वीर प्रदर्शित होनी चाहिए। इन नियमों का पालन न करने पर कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले मंत्रालय ने सभी राज्यों से सार्वजनिक स्थानों पर चबाने वाले तंबाकू (Tobacco) के इस्तेमाल और थूकने पर रोक लगाने को कहा था।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव को इस बारे में एक पत्र भी भेजा है। जिसमें कहा गया है, 'गैर धूम्ररहित चबाने वाले तंबाकू, पान मसाला और सुपारी से शरीर में लार अधिक बनने लगती है और इससे थूकने की अत्याधिक इच्छा होती है। सार्वजिनक स्थानों पर थूकने से कोविड-19 के प्रसार में तेजी आ सकती है।'
कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते खतरे को देखते हुए भारतीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा परिषद (आईसीएमआर) ने जनता से चबाने वाले तंबाकू के उत्पादों के सेवन से दूर रहने और सार्वजनिक स्थानों पर नहीं थूकने की अपील की है।
सार्वजनिक स्थान पर थूकने पर हो सख्त कार्रवाई
पत्र के अनुसार, राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों के पास विभिन्न कानूनों के तहत कोविड-19 से निपटने के लिए जरूरी अधिकार हैं। इसमें कहा गया है, 'इसी पृष्ठभूमि में, यह अपील की जाती है कि सार्वजनिक रूप से चबाने वाले तंबाकू उत्पादों का इसतेमाल और थूकना प्रतिबंधित करने के लिए उचित कानून के तहत आवश्यक उपाय किए जा सकते हैं।'
इन राज्यों में लग चुकी है रोक
बता दें बिहार, झारखंड, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, हरियाणा, नागालैंड और असम जैसे कुछ राज्य कोविड-19 महामारी के दौरान पहले ही सार्वजनिक स्थानों पर चबाने वाले तंबाकू उत्पादों के इस्तेमाल और थूकने पर प्रतिबंध लगा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications