यूक्रेन से लौटने वाले भारतीयों के लिए नई गाइडलाइन जारी, भारत आकर रहना होगा 14 दिन होम क्वारंटीन
नई दिल्ली, फरवरी 28। रूस के आक्रमण के बाद यूक्रेन से निकाले जा रहे भारतीयों के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी गाइडलाइन में कुछ बदलाव किए हैं। मंत्रालय ने यूक्रेन से लौट रहे भारतीयों के लिए कुछ कोविड प्रोटोकॉल में छूट देने का ऐलान किया है। सोमवार को जारी किए गए निर्देशों के मुताबिक, यूक्रेन से लौट रहे भारतीयों को अनिवार्य प्री बोर्डिंग नेगेटिव आरटी-पीसीआर टेस्ट और वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट से छूट प्रदान की गई है। इसके अलावा यूक्रेन से आने वाले भारतीयों को एयर सुविधा पोर्टल पर दस्तावेजों को अपलोड करने की भी जरूरत नहीं होगी।

Recommended Video
14 दिन के लिए रहना होगा होम क्वारंटीन
गाइडलाइन के मुताबिक, यूक्रेन से आने वाला कोई भारतीय यदि यात्रा से पहले अपना RT-PCR टेस्ट देने में या फिर उसने वैक्सीनेशन पूरा नहीं किया है तो उसे भारत आने के बाद 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन में रहना होगा। इस दौरान यात्रा करने वाले व्यक्ति का सैंपल लिया जाएगा और कोरोना जांच की जाएगी।
1100 से अधिक भारतीय लौट चुके हैं देश
मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सोमवार तक युद्धग्रस्त यूक्रेन से 1156 भारतीय हिंदुस्तान लौट चुके हैं। हालांकि इनमें से अभी किसी भी यात्री को आइसोलेशन में नहीं रखा गया है। सोमवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर बताया था कि 240 यात्रियों को लेकर एक विमान हंगरी से दिल्ली के लिए रवाना हुआ है, यह ऑपरेशन गंगा के तहत छठी फ्लाइट होगी जो यूक्रेन में फंसे भारतीयों को अपने देश लौट रही है।
आपको बता दें कि यूक्रेन में हर दिन हालात खराब होते जा रहे हैं। यूक्रेन-रूस जंग का आज पांचवा दिन है और रूसी सेना के हमले अभी भी जारी हैं। बेलारूस में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के बीच बातचीत चल रही है, लेकिन इस बातचीत के बीच रूस ने परमाणु हमले की तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रपति पुतिन ने अपने न्यूक्लियर दस्ते को अलर्ट रहने के लिए कहा है।












Click it and Unblock the Notifications