हाथरस केस: एसआईटी बोली- सीबीआई के साथ भी जारी रहेगी हमारी जांच
नई दिल्ली। हाथरस में लड़की के साथ कथित गैंगरेप और हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है। इस मामले की जांच फिलहाल एसआईटी कर रही है। शनिवार रात को एसआईटी की टीम पीड़िता के घर पहुंची। इस दौरान जब उनसे सवाल हुआ कि क्या सीबीआई के साथ वो भी समानंतर जांच करते रहेंगे तो टीम के एक सदस्य ने कहा कि हमारी जांच जारी रहेगी।
Recommended Video

पीड़िता के घर पहुंची टीम शनिवार रात को कुछ देर में ही वापस लौट आई। इस पर SIT जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के पिता अभी इस स्थिति में नहीं थे कि बैठकर एक लंबा बयान दे सकें। जब उनकी तबीयत ठीक होगी तब हम आ जाएंगे। इसके अलावा वो (परिवार) किसी का बयान अगर कराना चाहते हैं या कोई और बात बताना चाहते हैं, तो हम यह जानने आए हैं।
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मामले की सीबीआई जांच के लिए केंद्र से सिफारिश की है। योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण घटना और जुड़े सभी बिंदुओं की गहन पड़ताल के उद्देश्य से यूपी सरकार इस प्रकरण की विवेचना केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने की संस्तुति कर रही है। इस घटना के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए हम संकल्पबद्ध हैं।
हाथरस के चंदपा क्षेत्र में अपनी मां के साथ खेतों में गई 19 साल की दलित लड़की के साथ 14 सितंबर को गांव के ही दूसरी जाति के चार युवकों ने कथित तौर पर रेप किया था। लड़की के साथ बुरी तरह से मारपीट भी की गई। उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट आई और दरिंदगी की हद करते हुए उसकी जीभ काट दी गई। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में 29 सितंबर को लड़की ने दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस प्रशासन पर पीड़िता के परिवार के लोगों ने कई आरोप लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications