पॉलिटिक्स में होने वाली है हरभजन सिंह की एंट्री? रिटायरमेंट वीडियो में बोले- अब नया अध्याय शुरू होगा
नई दिल्ली, दिसंबर 24। टीम इंडिया के स्टार स्पिनर टर्बनेटर हरभजन सिंह ने क्रिकेट के हर फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। शुक्रवार को हरभजन सिंह ने ट्विटर पर एक पोस्ट के जरिए संन्यास का ऐलान किया। इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक यूट्यूब वीडियो का लिंक भी शेयर किया है। इस वीडियो में हरभजन सिंह ने अपने क्रिकेट करियर से लेकर अपने निजी जीवन में उन सभी लोगों का आभार जताया है, जिन्होंने हरभजन को यहां तक पहुंचाने में मदद की।

पॉलिटिक्स में आएंगे हरभजन सिंह?
वीडियो में हरभजन सिंह ने अपने आगे के प्लान का भी जिक्र किया है। हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया है कि वो अब आगे क्या करने जा रहे हैं, लेकिन उनकी बातों से ये जरूर लगा है कि भज्जी पॉलिटिक्स में कदम रख सकते हैं। वीडियो के आखिर में हरभजन सिंह ने कहा है, "अब नई चुनौतियों के साथ मेरी जिंदगी का दूसरा चैप्टर शुरू हो रहा है, यकीन मानिए आपका टर्बनेटर इम्तिहान के लिए तैयार है, बस प्यार बनाए रखना।" हरभजन सिंह ने अपनी इन लाइनों से एक संकेत दे दिए हैं कि वो पंजाब की राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं और जल्द ही वो इसकी घोषणा कर देंगे।

हाल ही में सिद्धू से मिले थे हरभजन सिंह
आपको बता दें कि भज्जी के पॉलिटिक्स में आने की अटकलें कुछ इसलिए भी लगाई जा रही हैं, क्योंकि हाल ही में पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने हरभजन सिंह से मुलाकात की थी। तभी से उनके कांग्रेस पार्टी में जाने और चुनाव लड़ने की अटकलें हैं। हालांकि सिद्धू से मुलाकात के वक्त हरभजन सिंह ने ऐसी अटकलों को खारिज कर दिया था। बता दें कि पंजाब में अगले साल की शुरुआत में ही चुनाव होने हैं तो ऐसे में भज्जी का पॉलिटिक्स में आना और चुनाव लड़ना संभव है।

भारतीय क्रिकेट के साथ नए अवतार में भी दिख सकते हैं भज्जी
इसके अलावा हरभजन सिंह का IPL में ही किसी टीम के साथ बतौर सपोर्ट स्टाफ जुड़ने का भी अंदेशा है। दरअसल, भज्जी वीडियो में ये कहते हुए भी दिख रहे हैं कि मैंने कई सालों तक भारतीय क्रिकेट की सेवा की है और मेरी कोशिश रहेगी कि इस सेवा को आगे भी जारी रखूं। भज्जी ने कहा है कि मैं भविष्य में भारतीय क्रिकेट के लिए किसी भी किरदार में या किसी भी रूप में काम आ सकूं तो ये मेरे लिए बहुत खुशी की बात होगी। भज्जी की इस बात से लग रहा है कि वो या तो IPL में या फिर भारतीय टीम में किसी नई जिम्मेदारी के साथ भी जुड़ सकते हैं।
ये भी पढ़ें: 'हर अच्छी चीज का एक अंत होता है'- हरभजन सिंह ने लिया क्रिकेट की सभी फॉर्म से संन्यास












Click it and Unblock the Notifications