कौन हैं जावेद हबीब? राष्ट्रपति भवन में हुआ जन्म, पिता पूर्व PM नेहरू, दादा अंग्रेज अधिकारियों के काटते थे बाल
नई दिल्ली, 07 जनवरी। देश के जाने-माने हेयर स्टाइलिस्ट और हेयर ड्रेसर जावेद हबीब इन दिनों विवादों में घिर गए हैं। अगर आप भी सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं तो जावेद हबीब का हाल ही में सामने आया वो वीडियो तो जरूर देखा होगा, जिसमें वह बाल काटने के दौरान एक महिला के सिर पर थूकते नजर आ रहे हैं। हालांकि महिला की आपत्ति और आलोचना के बाद जावेद हबीब ने अपनी हरकत के लिए माफी तो मांग ली है लेकिन इससे उनकी इमेज पर काफी बुरा प्रभाव पड़ा है।
Recommended Video

कौन हैं जावेद हबीब?
देश में करीब 1000 से अधिक सैलून चलाने वाले जावेद हबीब का कैंची और बाल से पुश्तैनी नाता है। बाल काटना उनके परिवार का पुश्तैनी काम है, आपको जानकर हैरानी होगी कि उनके दादा अंग्रेज अधिकारियों के और पिता पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के बाल काटा करते थे। इतना ही नहीं जावेद हबीब का जन्म भी राष्ट्रपति भवन में ही हुआ था। इस मशहूर हेयर ड्रेसर से जुड़े ऐसे कई फैक्ट्स है जिसे जानकर आप दंग रह जाएंगे।

राष्ट्रपति भवन में हुआ था जन्म
जावेद हबीब का जन्म 26 जून, 1963 को राष्ट्रपति भवन के ब्लॉक 12 स्थित हाउस नंबर 32 में हुआ था। वह अभी 58 साल के है लेकिन जावेद को देखने पर उनकी उम्र का अंदाजा लगा पाना बेहद मुश्किल है। उन्हें बाल काटने की बारीकियां अपने पिता से विरासत में मिली। जावेद भी अपने पिता और दादा की परंपरा को आगे बढ़ाना चाहते थे। अब जावेद हबीब एक ब्रांड बन गए हैं, उनके देश में कई स्टोर हैं।

पिता और दादा भी थे इन VVIP के पर्सनल हेयर ड्रेसर
जावेद हबीब के दादा नजीर अहमद लॉर्ड माउंटबेटन समेत ब्रिटिश सरकार के बड़े अधिकारियों के पर्सनल हेयर ड्रेसर थे। 1947 में जब देश आजाद हुआ तो नजरी अहमद भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के पर्सनल हेयर ड्रेसर बन गए। बाद में नजीर के बेटे और जावेद के पिता हबीब अहमद ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया। हबीब ने पूर्व पीएम नेहरू, ओबरॉय, राजमाता गायत्री देवी और देश के कई राष्ट्रपति के पर्सनल हेयर ड्रेसर रहे।

राष्ट्रपति भवन में रहता था परिवार
हबीब अहमद का परिवार भी राष्ट्रपति भवन में रहता था, जिस वजह से जावेद का जन्म भी वहीं हुआ। पिता से हेयर ड्रेसिंग के गुण सीखने के बाद जावेद को उनके पिता ने लंदन में हेयर डिजाइनिंग स्कूल भेज दिया। वहां जावेद ने अपने काम को ठीक से समझा और कुछ समय तक सनसिल्क में नौकरी भी की। जावेद होटल मैनेजमेंट का कोर्स करना चाहते थे लेकिन उनके पिता उन्हें परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए लंदन भेज दिया।

लंदन में सीखीं हेयर ड्रेसिंग की बारीकियां
लंदन में रहते हुए वह मैक्डोनल्ड के स्टोर से बेहद प्रभावित हुए और यहां से उन्हें बिजनेस करने का आइडिया आया। उन्होंने सोचा कि जब बर्गर दुनियाभर में बेचा जा सकता है तो हेयर ड्रेसिंग तो इंसान की जरूरत है, उसे भी बिजनेस के तौर पर आगे बढ़ाया जा सकता है। भारत लौटने के बाद जावेद ने पिता के सैलून में काम किया लेकिन उन्हें ज्यादा कुछ करने को नहीं मिल रहा था। इसके बाद उन्होंने केरल में पहला खुद का आउटलेट खोला।

15-15 घंटे करते थे काम
यहां जावेद लोगों को हेयर कटिंग और ग्रूमिंग की ट्रेनिंग दिया करते थे। शुरू-शुरू में पिता को उनका काम पसंद नहीं आया लेकिन आउटलेट की सफलता के बाद वह भी मान गए। एक समय था जब जावेद 15-15 घंटे काम किया करते थे। उनकी मेहनत ही थी जो उन्होंने 5 साल में 50 और स्टोर खेल लिए। मीडिया रिपोर्ट के देश में जावेद हबीब की कंपनी जावेद हबीब हेयर एंड ब्यूटी लिमिटेड के करीब 1000 आउटेलट चल रहे है। अगर कोई आउटलेट घाटे में जा रहा है तो जावेद खुद वहां जाकर काम करते हैं।

टाइम्स और फोर्ब्स पत्रिका में छपने वाले एकमात्र हेयर स्टाइलिस्ट
जावेद के दुबई, सिंगापुर, नेपाल और बंग्लादेश में भी सैलून है। इतना ही नहीं बॉलीवुड में भी जावेद की तूती बोलती है। शाहरुख खान की फिल्म 'बिल्लू बारबर' की रिलीज के दौरान मूवी की कास्ट ने जावेद के साथ मिलकर फिल्म का प्रमोशन किया था। इसके अलावा टाइम्स और फोर्ब्स पत्रिका में छपने वाले एकमात्र हेयर स्टाइलिस्ट भी जावेद हबीब ही हैं। बिजनेस के अलावा उन्होंने राजनीति में भी हाथ आजमाया है। साल 2019 में जावेद हबीब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ज्वाइन की थी।

परिवार में कौन-कौन है?
बता दें कि जावेद हबीब की पत्नी का नाम शाहीन हबीब है और दोनों की एक बेटी सना और बेटा अनोश हबीब है। बीते दिनों जावेद हबीब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसकी वजह से उन्हें माफी मांगनी पड़ी। उन्होंने मुजफ्फरनगर में एक शो के दौरान महिला के बालों पर थूका और उसकी खूबी बताई। जावेद हबीब ने कहा की पानी की कमी हो तो आप थूक कर भी बाल काट सकते हैं। उनकी इस हरकत ने लोगों को बेहद नाराज कर दिया।
यह भी पढ़ें: Jawed Habib Row: सामने आई वीडियो वाली महिला, कहा-' जावेद हबीब ने किया मिसबिहेव अब तो ...'












Click it and Unblock the Notifications