गुंजा की 'शाहीन कहानी': वीडियो जारी कर बताया वहां कैसे क्या-क्या हुआ?
बुर्का पहनकर शाहीन बाग गईं गुंजा कपूर ने एक वीडियो में बताया है कि वो शाहीन बाग क्यों गईं थी।
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में पिछले करीब 2 महीने से चल रहे प्रदर्शन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गुंजा कपूर नाम की एक महिला बुर्का पहनकर और बुर्के के अंदर कैमरा छिपाकर प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंच गई। गुंजा ने वहां बैठी महिलाओं से कुछ ऐसे सवाल पूछने शुरू किए, जिससे प्रदर्शनकारियों को उनके ऊपर शक हो गया और गुंजा कपूर की पोल खुल गई। इसके बाद लोगों ने गुंजा कपूर को घेर लिया और मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई। इस पूरे मामले को लेकर अब गुंजा कपूर ने एक वीडियो जारी कर बताया है कि वो शाहीन बाग क्यों गईं थी।

वीडियो में गुंजा कपूर ने क्या बताया
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में गुंजा कपूर ने बताया, 'सबसे पहले आप सभी लोगों का धन्यवाद कि आपने मेरे लिए, मेरी सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। आज मैं शाहीन बाग गई थी और शाहीन बाग में जो हुआ, वो आप सभी ने देखा। मसला सिर्फ इतना है कि जहां पर जिन्ना वाली आजादी के नारे लगते हों, जहां पर भारत तेरे टुकड़े होंगे वाली मानसिकता रूप ले रही है। हम वहां पर गए थे लोगों से बात करने के लिए और ये देखने के लिए कैसे कोई भारत की राजधानी में बैठकर इस तरह की बातें बोल सकता है।'

'वो चाहते हैं कि सिर्फ उनके ही लोग आएं'
गुंजा कपूर ने वीडियो में आगे कहा, 'आज मेरे साथ जो हुआ, सो हुआ, एक बात और हुई कि ये मानसिकता भी कहीं ना कहीं एक्सपोज हो गई कि इन लोगों का किसी भी और विचारधारा से वास्ता रखने का कोई मन नहीं है, और जब तक आप इनके किसी वैरिफाइड रेफरेंस से इस प्रोटेस्ट में नहीं आएंगे, तब तक आपके लिए इस प्रोटेस्ट में कोई स्वतंत्र जगह नहीं है। आपसे वो पूछते रहेंगे कि आपका क्या रेफरेंस है, क्या रेफरेंस है। मुझे नहीं पता कि वो ऐसा क्या चाहते हैं, वो ऐसा क्या छिपाना चाहते हैं, जिसकी वजह से वो चाहते हैं कि सिर्फ उनके ही लोग आएं। मैं तो वहां केवल आधा घंटा थी और मेरे साथ वो सब हो गया।'

गुंजा ने बुर्के के अंदर छिपा रखा था कैमरा
आपको बता दें कि बुधवार सुबह को गुंजा कपूर बुर्का पहनकर शाहीन बाग में चल रहे धरने में पहुंची थीं। इस दौरान गुंजा कपूर वहां बैठी महिलाओं से कुछ सवाल पूछने लगी। धरने में बैठी महिलाओं को उस वक्त गुंजा पर शक हो गया, जब उन्होंने बहुत ज्यादा सवाल पूछने शुरू कर दिए। इसके बाद जब महिलाओं ने तलाशी ली तो पता चला कि गुंजा कपूर ने बुर्के के अंदर एक कैमरा छिपाया हुआ था। कैमरा देखते ही मौके पर हड़कंप मच गया और महिलाओं ने गुंजा कपूर को घेर लिया।

ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करते हैं फॉलो
इस दौरान धरने में बैठी महिलाएं गुंजा कपूर से वहां आने का मकसद पूछने लगी। हंगामा होता देख पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों ने गुंजा कपूर को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस गुंजा कपूर को वहां से निकालकर थाने ले गई। गुंजा कपूर 'Right Narrative' नाम से एक यूट्यूब चैनल चलाती हैं। गुंजा कपूर को ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या भी फॉलो करते हैं। जब वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने गुंजा कपूर से पूछा कि वो कैमरा छिपाकर क्यों लाईं तो उन्होंने गुस्से में माइक हटाते हुए कहा कि यह मीडिया का हॉट मूमेंट नहीं है, जाओ यहां से।

पिछले दिनों शाहीन बाग में हुई थी फायरिंग
आपका बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग में पिछले करीब 2 महीने से धरना-प्रदर्शन चल रहा है। बीते 1 फरवरी को भी शाहीन बाग में इसी तरह की एक और घटना देखने को मिली थी, जब कपिल गुर्जर नाम का एक शख्स शाहीन बाग इलाके में पहुंचा और हवा में दो गोलियां चला दीं। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर हड़कंप मच गया और पुलिस ने कपिल गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश देव ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए बताया, 'पूछताछ के दौरान हमें कपिल के मोबाइल फोन से कुछ तस्वीरें मिलीं, जिनमें वो आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ है। कपिल ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि वो और उसके पिता जनवरी-फरवरी 2019 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।'

शाहीन बाग को लेकर आप पर हमलावर है भाजपा
आरोपों पर आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा कि अभी तक मामले की जांच नहीं हुई, तस्वीरों की जांच नहीं हुई और दिल्ली पुलिस का एक अफसर मामले में एक पार्टी का नाम ले रहा है, वो भी तब जब दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लागू हैं। संजय सिंह ने कहा कि वो इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करेंगे। वहीं, केंद्रीय मंत्री और दिल्ली भाजपा प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा, 'मामला एकदम साफ है और आम आदमी पार्टी आज बेनकाब हो गई है। पिछले साल ही आरोपी ने आम आदमी पार्टी ज्वॉइन की थी। उसने शाहीन बाग में गोली इसलिए चलाई, क्योंकि ये आम आदमी पार्टी की साजिश थी, जिससे वहां माहौल बिगड़े।'












Click it and Unblock the Notifications