'नीच' वाले बयान पर घमासान के बीच राहुल गांधी ने पूछा, पीएम मोदी से दसवां सवाल
नई दिल्ली। मणिशंकर अय्यर के 'नीच आदमी' वाले बयान के बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी से दसवां सवाल पूछा। राहुल गांधी ने आदिवासी समाज का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आदिवासियों से उनकी जमीनें छीन ली गईं। जंगलों से उन्हें पलायन करने के लिए मजबूर किया गया। ना ही स्कूल खुले न ही उन्हें अस्पताल मिला। राहुल गांधी ने वनबंधु योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा, 'मोदीजी, वनबंधु योजना के 55 हजार करोड़ कहां गए?'

राहुल गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट कर 10वां सवाला पूछा। राहुल गांधी ने कहा, '22 सालों का हिसाब, गुजरात मांगे जवाब: आदिवासी से छीनी जमीन, नहीं दिया जंगल पर अधिकार, अटके पड़े हैं लाखों जमीन के पट्टे, न चले स्कूल न मिला अस्पताल, न बेघर को घर न युवा को रोजगार, पलायन ने दिया आदिवासी समाज को तोड़ मोदीजी, कहां गए वनबंधु योजना के 55 हजार करोड़?'
आपको बता दें कि राहुल गांधी लगातार सोशल साइट ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजरात के मुद्दों पर सवाल पूछ रहे हैं। इससे पहले राहुल गांधी महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, कम वेतन और भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठा चुके हैं। राहुल गांधी लगातार पीएम मोदी पर हमलावर हैं, पहले उन्होंने गुजरात के विकास को कटघरे में खड़ा किया, फिर नोटबंदी, जीएसटी एक्ट को लेकर केंद्र सरकार पर हमला किया, उन्होंने जीएसटी को गब्बर सिंह एक्ट तक करार दिया था।












Click it and Unblock the Notifications