नोटबंदी के 18वें दिन आई एक अच्छी खबर
500 और 1000 के नोट बंद होने के बाद बैंकों और एटीएम के बाहर लगी लंबी कतारों को कम करने के लिए सरकार ने एक और कदम उठाया है।
नई दिल्ली। 500 और 1000 के नोट बंद होने के बाद बैंकों और एटीएम के बाहर लगी लंबी कतारों को कम करने के लिए सरकार ने एक और कदम उठाया है।

शनिवार से अब आप आइनॉक्स सिनेमा में भी अपने डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर 2000 रुपए तक निकाल सकते हैं।
सरकार ने हाल ही में पेट्रोल पंप और बिग बाजार से 2000 रुपए तक निकालने की घोषणा थी। अब मल्टीप्लेक्स चेन आइनॉक्स ने देश के सबसे बड़े बैंक 'स्टेट बैंक ऑफ इंडिया' के साथ हाथ मिलाया है।
इस नए कदम के मुताबिक अगर आपके खाते में रुपए हैं तो आप आइनॉक्स पर जाकर अपने डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर 2000 रुपए तक निकाल सकते हैं।
गौरतलब है कि इस समय बैंकों और एटीएम से कैश निकालने के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं। ऐसे में इस कदम से लोगों को कैश की किल्लत से थोड़ी राहत मिलेगी।
आइनॉक्स ने शुक्रवार शाम को मुंबई में अपने तीन सिनेमाघरों में लोगों को यह सुविधा दी। आइनॉक्स के डायरेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बताया कि रविवार से दूसरे शहरों में भी यह सुविधा शुरू हो जाएगी।
इससे पहले फ्यूचर ग्रुप की रीटेल फर्म ने अपने बयान में कहा था कि उसके सभी स्टोर्स यहां तक कि फैशन बिग बाजार (FBB) में भी ग्राहक कार्ड के जरिए 2000 रुपये निकाल सकेंगे। इससे उन्हें एटीएम के बाहर लंबी लाइन में खड़े होने से छुटकारा मिलेगा।
कंपनी ने बताया कि यह सुविधा देश के 115 शहरों और कस्बों में स्थित 258 बिग बाजार और FBB स्टोर्स में उपलब्ध है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने POS मशीन के जरिए बैंक कैश निकालने की सुविधा बिग बाजार को दी है। ग्राहक किसी भी बैंक के डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करके पैसे निकाल सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications