सात दिन के दौरे पर भारत पहुंचे कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रड्यू, ये है पूरा कार्यक्रम
भारत रवाना होने से पहले कनाडाई पीएम ने ट्वीट कर बताया कि उनका यह दौरा अच्छी नौकरियों और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करने पर केंद्रित होगा
नई दिल्ली। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रड्यू सात दिवसीय भारत दौरे के लिए नई दिल्ली पहुंच गए हैं। जस्टिन ट्रड्यू भारत दौरे पर अपने परिवार के साथ आए हैं। जस्टिन ट्रड्यू की इस यात्रा का मकसद भारत और कनाडा के बीच कारोबार, निवेश, ऊर्जा, विज्ञान, उच्च शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और स्किल डेवलपमेंट समेत अन्य क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है। इस दौरान अच्छी नौकरियां पैदा करने को लेकर समझौता होने की उम्मीद है।

भारत रवाना होने से पहले कनाडाई पीएम ने ट्वीट कर बताया कि उनका यह दौरा अच्छी नौकरियों और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करने पर केंद्रित होगा। भारत रवाना होने से पहले जस्टिन ट्रड्यू ने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फोटो ट्वीट किया। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद कनाडाई पीएम का यह पहला दौरा है। इससे पहले साल 2012 में कनाडा के पीएम ने भारत का दौरा किया था। ट्रड्यू की इस भारत यात्रा का मकसद काउंटर टेररिज्म, हायर एजुकेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे मुद्दों पर चर्चा करना है। अपनी इस भारत यात्रा के दौरान वह मुंबई, अहमदाबाद, आगरा, अमृतसर और नई दिल्ली में होंगे और कई नेताओं और बिजनेस लीडर्स से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा आईआईएम अहमदाबाद में 19 फरवरी को एक कार्यक्राम होना है। आईआईएम के लिए यह पहला मौका है जब कोई विदेशी पीएम या नेता इस इंस्टीट्यूट का दौरा करेगा।
ये है कार्यक्रम
कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रड्यू रविवार सुबह नौ बजे विमान से आगरा को रवाना होंगे और 10:40 बजे ताजमहल पहुंचें। जस्टिन ट्रड्यू रविवार को दोपहर 02:45 बजे रवाना होंगे और 03:35 बजे दिल्ली वापस पहुंचेंगे।
सोमवार को सुबह 08:30 बजे कनाडाई पीएम अहमदाबाद को रवाना होंगे। वह सुबह 10:05 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद जस्टिन ट्रड्यू अहमदाबाद से शाम 05:10 बजे मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे। वह शाम 06:30 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रड्यू मंगलवार को दोपहर बाद 03:15 बजे दिल्ली स्थित ताज महल पैलेस में आयोजित होने वाले कनाडा-इंडिया बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे। कनाडाई पीएम बुधवार को सुबह 08:00 बजे विमान से अमृतसर के लिए रवाना होंगे। कनाडाई पीएम 10:30 बजे श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगे। वह स्वर्ण मंदिर जाएंगे और माथा टेकेंगे. दोपहर 01:10 बजे दिल्ली को वापस होंगे।
गुरुवार को जस्टिन ट्रड्यू दिल्ली के ताज डिप्लोमेटिक कंक्लेव में होने वाली कनाडा-इंडिया बिजनेस मीटिंग में हिस्सा लेंगे। कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रड्यू शुक्रवार सुबह 09:00 बजे राष्ट्रपति भवन में सेरेमोनियल रिसेप्शन में शामिल होंगे। इसके बाद 09:30 बजे राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे।
कनाडाई पीएम शुक्रवार सुबह 10:15 बजे विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात करेंगे। इसके बाद 11:30 बजे दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। साथ ही प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे।












Click it and Unblock the Notifications