गोवा के मंत्री मनोहर बोले, संस्कृति को खराब करने वालों को हम खदेंड़ देंगे
पणजी। गोवा की भाजपा सरकार में मंत्री मनोहर अजगांवकर का कहना है कि पर्यटक हमारी संस्कृति का ख्याल नहीं रखेंगे तो हम उन्हें बर्दाश्त नहीं करेंगे। राज्य के पर्यटन मंत्री अजगांवकर ने यह भी कहा है कि गोवा में ऐसे पर्यटकों की जरूरत नहीं है जो यहां मादक पदार्थ बेचते हैं। राज्य पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित 'फूड ऐंड कल्चरल फेस्टिवल' के उद्घाटन के मौके पर उन्होंने गोवा की संस्कृति और तौर-तरीकों का ख्याल नहीं रखने वालों को बाहर खदेड़ने की धमकी दी। शनिवार को मंत्री ने कहा कि यहां आने वाले पर्यटक गोवा की संस्कृति का ख्याल रखें, नहीं तो मैं उन्हें खदेड़ दूंगा और किसी की नहीं सुनूंगा।

दो दिन पहले गोवा के शहरी और देश नियोजन मंत्री विजय सरदेसाई ने उत्तर भारतीयों को लेकर एक कार्यक्रम में कहा था कि घरेलू पर्यटक धरती की गंदगी हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्यटक गोवा को हरियाणा बनाना चाहते हैं। उत्तर भारतीय गोवा में साफ-सफाई की परवाह नहीं करते हैं, वे हर जगह गंदगी फैलाते हैं। सरदेसाई ने कहा कि गोवा सरकार को विदेशी और उच्च-वर्गीय भारतीयों को आकर्षित करने पर जोर देना चाहिए। विजय ने कहा, आज गोवा की आबादी से ज्यादा यहां पर्यटक हैं। ये घरेलू पर्यटक धरती पर गंदगी हैं।
वहीं एक कार्यक्रम में शुक्रवार को गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि, 'मुझे अब डर लगने लगा है, क्योंकि अब तो लड़कियों ने भी बीयर पीना शुरू कर दिया है...सहन शक्ति की सीमा टूट रही है।' विधानसभा सचिवालय, पोरवोरिम द्वारा आयोजित राज्य युवा संसद कार्यक्रम में पर्रिकर ने कहा, शिक्षण संस्थानों में ड्रग्स लेना कोई नई परिघटना नहीं है।'












Click it and Unblock the Notifications