Goa Club Fire Case: 25 मौतों के बाद कार्रवाई तेज, थाईलैंड में पकड़े गए लूथरा ब्रदर्स आज भारत लाए जाएंगे
Goa Club Fire Case: दिल्ली के कारोबारी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा, जो 5 दिसंबर को नॉर्थ गोवा के एक नाइटक्लब में हुए भीषण अग्निकांड के बाद देश छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे, अब कानून की पकड़ में आ चुके हैं।
बता दे कि इस भीषण आग लगने के हादसे में 25 लोगों की जान चली गई थी।गोवा पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों को मंगलवार, 16 दिसंबर को भारत लाया जा सकता है, जिसके बाद मामले में जांच और कानूनी कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है।

थाईलैंड से दिल्ली लाए जाने की तैयारी
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गोवा पुलिस की एक टीम दिल्ली के लिए रवाना हो रही है, जो एयरपोर्ट पर दोनों भाइयों की हिरासत लेकर उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत गोवा ले जाएगी। जानकारी के अनुसार, लूथरा ब्रदर्स को बैंकॉक से डिपोर्ट कर मंगलवार को दिल्ली लाया जाएगा। इसके बाद उन्हें दिल्ली की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड मांगी जाएगी।
फुकेट में हुई थी गिरफ्तारी
पिछले हफ्ते थाईलैंड के फुकेट में एक होटल से थाई कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने दोनों भाइयों को हिरासत में लिया था। यह कार्रवाई नई दिल्ली के अनुरोध पर की गई। भारत सरकार ने उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं और इंटरपोल के जरिए ब्लू नोटिस भी जारी किया गया है, ताकि उनकी अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
गोवा पुलिस के अनुसार, भारतीय दूतावास ने दोनों को इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी किए हैं। पहले उनके पासपोर्ट जब्त किए गए थे और बाद में विदेश मंत्रालय ने उन्हें रद्द कर दिया। थाई कानून के तहत डिपोर्टेशन से पहले दोनों को वहां की अदालत में पेश किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें भारत भेजा जाएगा।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में दर्ज एफआईआर में लूथरा भाइयों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), 125(a) और (b) (जीवन और व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) और धारा 287 (आग या ज्वलनशील पदार्थ से लापरवाही) के तहत आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि क्लब में सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी की गई थी।
पुलिस के अनुसार, इस केस में अब तक छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें क्लब का प्रबंधन संभालने वाले पांच कर्मचारी और एक अन्य आरोपी अजय गुप्ता शामिल हैं, जिन्हें लूथरा ब्रदर्स का बिजनेस पार्टनर बताया जा रहा है। यह नाइटक्लब Birch by Romeo Lane के नाम से अरपोरा इलाके में संचालित हो रहा था।
इसके अलावा, पुलिस सातवें आरोपी सुरिंदर कुमार खोसला की तलाश कर रही है, जो ब्रिटिश नागरिक और संपत्ति का मालिक है। बताया गया है कि खोसला देश से बाहर है।
जांच तेज, बढ़ सकती हैं मुश्किलें
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस इमारत में नाइटक्लब चल रहा था, उसके पास निर्माण लाइसेंस, ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट और फायर डिपार्टमेंट का एनओसी नहीं था। इसके बावजूद क्लब का संचालन किया जा रहा था। इतना ही नहीं, इस संपत्ति के खिलाफ पहले से डिमोलिशन नोटिस भी जारी किया जा चुका था।
गोवा पुलिस का कहना है कि लूथरा ब्रदर्स के भारत आने के बाद उनसे लंबी पूछताछ की जाएगी। हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों में भारी आक्रोश है और इस केस को लेकर सरकार व प्रशासन पर सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।
यदि आरोप साबित होते हैं, तो यह मामला न केवल गोवा बल्कि देशभर में नाइटक्लब और मनोरंजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications