2024 में गैर बीजेपी सरकार बनी तो किसानों को देंगे फ्री बिजली, तेलंगाना के सीएम का वादा
हैदराबाद। लोकसभा चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन और राजनीतिक तालमेल बढ़ने लगा है। इतना ही नहीं चुनावी वादे किए जाने लगे हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बड़ा ऐलान किया है।

जहां वो विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने में लगे हैं तो वहीं गैर बीजेपी सरकार बनाने के लिए वोटर को भी लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। केसीआर ने तेलंगाना के निजामाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर 2024 में गैर बीजेपी सरकार बनती है तो देश के किसानों को मुफ्त बिजली देने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि अगर देश में गैर बीजेपी सरकार बनी तो मैं वादा करता हूं कि पूरे देश के किसानों को मुफ्त में बिजली दी जाएगी। तेलंगाना के मुख्यंत्री केसीआर आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए गैर बीजेपी और गैर कांग्रेसी दलों को एकसाथ लाने की कोशिशों में जुटे हैं। हाल ही में उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भेंट की।
वहीं दूसरी तरफ मिशन 2024 के लिए सभी विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने का संकल्प लेकर निकले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई है। न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में नीतीश कुमार ने बिहार सरकार को कांग्रेस के समर्थन के लिए राहुल गांधी का आभार व्यक्त किया।












Click it and Unblock the Notifications