इंडिया गेट पर अचानक रिटायर्ड CRPF जवान ने तीन राउंड चलाई गोली
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस उस वक्त सकते में आ गई जब पूर्व सीआरपीएफ जवान ने विजय चौक के पास इंडिया गेट लॉन में अचानक हवाई फायरिंग शुरू कर दी। यह घटना संसद से महज कुछ दूर की है। जानकारी के अनुसार जवान नशे की हालत में था और उसने मौके पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करनी शुरू कर दी। उसने तीन राउंड फायरिंग की, जिसकी वजह से लोग मौके पर खुद को बचाने के लिए छिपने लगे। घटना के बाद जवान को हिरासत में लिया गया है।

हिरासत में लिए जाने के बाद जवान ने बताया कि उसकी पिस्टल में कुछ दिक्कत आ गई थी, जिसकी वजह से उसने एक के बाद एक फायर किए। आरोपी जवान का नाम राजपाल यादव है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जवान त्रिपुरा में एक राजनेता के घर सुरक्षा व्यवस्था में बतौर सुरक्षा गार्ड तैनात है और वह अपने परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए दिल्ली आया था। रविवार की शाम राजपाल इंडिया गेट गया था जहां उसने तीन राउंड फायरिंग की।
पुलिस के अनुसार उसे पीसीआर कॉल मिली जिसमे घटना की जानकारी दी गई। जिसके बाद मौके पर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन की पुलिस पहुंची। साथ ही पराक्रम कमॉडो की भी यूनिट यहां पहुंची थी। मौके पर तुरंत पुलिस के जवानों ने यादव को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि राजपाल ने खुद को निर्दोष बताया है और कहा कि उसके हथियार में कुछ दिक्कत थी। मौके पर से पुलिस ने आरोपी के पास से 16 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
इसे भी पढ़ें- Me Too: यौन उत्पीड़न के आरोप पर सिंगर रघु दीक्षित ने मांगी माफी, कहा- हालातों का गलत अनुमान लगाया गया












Click it and Unblock the Notifications