दाऊद करना चाहता था सरेंडर, रखी थी तीन शर्तें, पूर्व कमिश्नर ने सुनाई पूरी कहानी
नई दिल्ली। आतंक का सिंडिकेट चलाने वाले अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर एमएन सिंह ने बड़ा खुलासा किया है। एमएन सिंह ने कहा है कि दाऊद भारत आना चाहता था और उसने सरेंडर की पेशकश भी की थी। लेकिन उसके सामने परेशानी ये थी कि अगर वो या उसका परिवार भारत आने की कोशिश करेगा तो पाकिस्तान उसे जान से मार देगा। न्यूज चैनल आजतक के कार्यक्रम मंथन में पूर्व आईपीएस अधिकारी एमएन सिंह ने दाऊद इब्राहिम पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में ये बात कही।

उन्होंने बताया कि दाऊद भारत आने के लिए देश के जाने-माने वकील राम जेठमलानी से संपर्क भी किया था। उस वक्त राम जेठमलानी का संदेश लेकर महेश जेठमलानी उनसे मिलने आए थे। उन्होंने बताया कि दाऊद सरेंडर करना चाहता है लेकिन उसकी कुछ शर्तें हैं। पहला शर्त ये कि मुंबई पुलिस उसका एनकाउंटर नहीं करेगी और दूसरी शर्त ये कि उस पर केवल मुंबई ब्लास्ट केस का ट्रायल चलाया जाएगा। इसके अलावा दाऊद ने एक और शर्त रखी थी और वो थी कि दाऊद को जेल में नहीं बल्कि हाउस अरेस्ट किया जाएगा।
सरकार ने खारिज कर दी दूसरी और तीसरी शर्त
एमएन सिंह ने बताया कि उसकी पहली शर्त तो मान ली थी लेकिन दूसरी और तीसरी शर्त पर उन्होंने सरकार से बात करने के लिए कहा था। इसके बाद सरकार के आला अधिकारियों को इस संबंध में जानकारी दी गई। सरकार ने उस वक्त एमएन सिंह से इस बारे में उनकी राय पूछी तो उन्होंने उसकी शर्तों को मानने के लिए इनकार कर दिया। लिहाजा सरकार ने भी दाऊद की दूसरी और तीसरी शर्त को खारिज करते हुए इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। एमएन सिंह ने खुलासा करते हुए कहा कि उन्होंने एनकाउंटर नहीं किए जाने की बात पर सहमति जता दी थी, लेकिन अन्य मुकदमों के ट्रायल न किए जाने और हाउस अरेस्ट की बात से साफ इनकार कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications