भारत और पाकिस्तान के बीच फ्लैग मीटिंग, लगभग 75 मिनट हुई चर्चा, इन मुद्दों पर बनी सहमति
India Pakistan Meeting: 21 फरवरी, 2025 को भारत और पाकिस्तान के बीच जम्मू और कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर तनाव कम करने के लिए फ्लैग मीटिंग हुई। यह मीटिंग हाल ही में हुई सीमा पार गोलीबारी और आईईडी हमलों की घटनाओं के बाद आयोजित की गई थी। दोनों देशों के बीच यह बैठक लगभग 75 मिनट तक चली, जिसमें नियंत्रण रेखा पर शांति बनाए रखने और संघर्षविराम समझौते को जारी रखने की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
मीटिंग में भारतीय सेना की पुंछ ब्रिगेड के कमांडर और पाकिस्तान सेना के दो ब्रिगेड कमांडर शामिल हुए। पिछले कई हफ्तों से LoC पर तनाव जारी था, जिसके बाद यह बैठक हुई है। इसमें 2021 से जारी संघर्षविराम को बनाए रखने, नियंत्रण रेखा को तनाव मुक्त करने और अन्य मुद्दों पर सहमति बनी है। यह फ्लैग मीटिंग पाकिस्तान और भारत के बीच काफी समय बाद हुई है, क्योंकि इससे पहले 2021 में आखिरी बार फ्लैग मीटिंग आयोजित हुई थी।

पाकिस्तान द्वारा नियंत्रण रेखा पर लगातार नापाक हरकतों के बीच, 11 फरवरी को जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में एक आईईडी विस्फोट में एक कैप्टन समेत दो जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद से एलओसी पर तनाव और बढ़ गया है। पाकिस्तान ने हाल में सीजफायर का उल्लंघन किया है और भारतीय क्षेत्र में फायरिंग की है, जिसका भारतीय सेना ने मजबूती से जवाब दिया है।
भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियां नियंत्रण रेखा की लगातार निगरानी कर रही हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। पाकिस्तान भले ही भारत के खिलाफ साजिशें रचता रहे, लेकिन भारतीय जवान हर बार उसे मुंहतोड़ जवाब देते हैं और पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ती है।












Click it and Unblock the Notifications