नई दिल्ली स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में आग, दमकल की आठ गाड़ी मौके पर
Recommended Video
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर एक ट्रेन में अचानक आग लग गई। ट्रेन प्लेटफॉर्म 8 पर खड़ी थी, दोपहर करीब दो बजे अचानक रेल की दो बोगी धू-धू कर जल उठी। आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। जिसके बाद दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब 45 मिनट की मशक्क्त के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। दमकल विभाग के साथ रेलवे विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे हैं और हालात का जायजा ले रहे हैं।

स्टेशन पर मौजूद रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, चंडीगढ़-कोचुवेली एक्सप्रेस के डिब्बों में आग लगी थी। ट्रेन से मुसाफिरों को सुरक्षित निकाल लिया गया। आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि पहली प्राथमिकता आग पर काबू पाना और किसी भी अफरातफरी को रोकना है, बाद में आग लगने की वजह की जांच की जाएगी। प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर फिलहाल ट्रेनों की आवाजाही रुकी हुई है। रेलवे कर्मचारी उन बोगियों को प्लेफॉर्म से हटाने की तैयारी कर रहे हैं, जिनमें आग लगी थी। जिससे कि प्लेटफॉर्म पर ट्रेनें शुरू हो सकें।
हाल कि दिनों में दिल्ली में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। 27 अगस्त को आईटीओ स्थित विकास भवन की इमारत में आग लग गई थी। इसी दिन दिल्ली के बावना की एक फैक्ट्री में भी आग लग गई। एच ब्लॉक में कुरकुरे बनाने की फैक्ट्री में ये आग लगी। उससे पहले ओखला के जाकिरनगर में एक बिल्डिंग में भयंकर आग लग गई थी, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। एम्स अस्पताल की इमारत में भी 17 अगस्त को भयंकर आग लगी थी। इमर्जेंसी वार्ड के पास टीचिंग ब्लॉक की दूसरी मंजिल पर आग लगी थी जो बाद में पांचवीं मंजिल तक फैल गई थी। फायर डिपार्टमेंट की 34 गाड़ियां और करीब 150 दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया था।












Click it and Unblock the Notifications