नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में उतरे महेश भट्ट, बोले- लोग अब खड़े हों और कहें कि देश हम सबका है
नई दिल्ली। फिल्म निर्माता महेश भट्ट नागरिकता संशोधित कानून के खिलाफ रविवार को मुंबई एक प्रदर्शन में शामिल हुए। महेश भट्ट ने कहा कि समय आ गया है कि लोग एकजुट हों और संदेश दें कि यह देश हर किसी का है। यह विरोध बैठक मुंबई में बीआर आंबेडकर के घर 'राजगृह में आयोजित की गई थी जहां भट्ट के साथ कांग्रेस नेता संजय झा समेत अन्य शामिल हुए। महेश भट्ट ने यहां आए लोगों को संबोधित किया, 'समय है कि लोग खड़े हों और कहें कि यह देश हम सबका है और यह हम सभी की ताकत एवं इच्छा है जिसे अंतत: अभिव्यक्त किया जा रहा है' उन्होंने कहा, 'वह मोड़ आ गया है, भारत ने रविवार सुबह यह स्पष्ट कर दिया है। यहां आप सबका जुटना इस बात का सबूत है कि भारत की आत्मा जिंदा है।'
विरोध का VIDEO भी आया सामने
हाल में एक विडियो सामने आया है जिसमें महेश भट्ट CAA जैसे कानून को खारिज किए जाने की मांग करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपने ट्विटर पर एक तस्वीर भी शेयर की है जिसमें वह मुंबई स्थित बीआर अंबेडकर के घर के बाहर कुछ पॉलिटिशंस के साथ खड़े होकर CAA के बारे में लोगों को बता रहे हैं। उन्होंने इस तस्वीर के साथ उन्होंने संविधान की प्रस्तावना की पहली लाइन भी लिखी है।
|
क्या कहना है महेश भट्ट का
महेश भट्ट ने कहा, 'संकल्प, हम भारत के लोग संकल्प लेते हैं कि हम भारत के संविधान के मूल्यों के प्रति निष्ठा रखते हैं और इसे एक धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक देश बने रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें भारत की विविधता पर गर्व है। हम सभी नागरिकों को उनकी जाति, धर्म, भाषा और सांस्कृतिक विश्वासों से निरपेक्ष रखते हुए उन्हें समानता देने का संकल्प करते हैं। और मैं ऐसे किसी भी कदम का विरोध करता हूं जो हमारे स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों को कम करता है। हम इस विधेयक का विरोध करते हैं और अगर यह कानून बन जाता है तो हम इसे लागू किए जाने का विरोध करेंगे। हम संकल्प लेते हैं कि हम अपनी नागरिकता साबित करने के लिए कोई भी मांगे गए डॉक्यूमेंट्स पेश नहीं करेंगे। भारत का संविधान अमर रहे। संगठित भारत अमर रहे।
|
अभिनेत्री नंदिता दास ने जामिया हिंसा पर हैरानी जताया
बता दें कि इससे पहले अभिनेत्री नंदिता दास ने जामिया हिंसा पर हैरानी जताते हुए ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा, 'ये क्या हो रहा है? नागरिकता अधिनियम को लेकर जामिया परिसर में दिल्ली पुलिस का तूफान, अंदर फायर टियर गैस के गोले छोड़े, छात्र अंदर फंसे।'