'मेरे पास घर के अंदर 30 किलो बारूद है', बच्चों को बंधक बनाने वाले शख्स ने दी धमकी
यूपी के फर्रूखाबाद में बच्चों को बंधक बनाने वाले शख्स ने घर के अंदर से धमकी देकर बताया है कि उसके पास बड़ी मात्रा में गोला बारूद है।
नई दिल्ली। यूपी के फर्रूखाबाद में एक शख्स ने करीब 20 बच्चों को अपने घर के अंदर बंधक बनाया हुआ है। बताया जा रहा है कि शख्स ने जन्मदिन पार्टी के नाम पर बच्चों को बुलाया था और फिर सबको बंधक बना लिया। इसके बाद जब गांव वाले बच्चों को लेने पहुंचे तो उसने इन लोगों के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी। बच्चों को बंधक बनाकर रखने वाले शख्स ने मौके पर पहुंची पुलिस के ऊपर भी फायरिंग की और ग्रेनेड से हमला किया। इस हमले में तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। वहीं, अभी-अभी जानकारी मिली है कि फायरिंग करने वाले शख्स ने घर के अंदर से धमकी देकर बताया है कि उसके पास बड़ी मात्रा में बारूद है।

पुलिस को नहीं बताई अभी तक कोई मांग
मौके से मिली जानकारी के मुताबिक, बच्चों को बंधक बनाकर रखने वाले शख्स ने घर के अंदर से चिल्लाकर धमकी दी है कि उसके पास 30 किलो गोला-बारूद है। शख्स ने हालांकि अभी तक पुलिस के सामने अपनी कोई मांग नहीं रखी है। शख्स का नाम सुभाष बाथम बताया जा रहा है। सुभाष ने पहले मौके पर विधायक और एसपी को बुलाने की मांग की। इस दौरान जब एक ग्रामीण उसे समझाने के लिए आगे बढ़ा तो उसने बंदूक से उसके ऊपर फायर कर दिया। गोली ग्रामीण के पैर में लगी है।

मर्डर केस में सजायाफ्ता है बंधक बनाने वाला शख्स
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर पीवी रामशास्त्री ने बच्चों को बंधक बनाने वाले शख्स के बारे में जानकारी देते हुए बताया, 'जिस व्यक्ति ने बच्चों और महिलाओं को बंधक बनाया हुआ है, वो गांव में ही रहता है। उसे एक मर्डर केस में आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है और फिलहाल वो जमानत पर छूटा हुआ है। उसने अपने घर पर बच्चों को एक जन्मदिन पार्टी के नाम पर बुलाया था और उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद उसने गांव वालों के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उसने पुलिस के ऊपर ग्रैनेड से हमला किया।'

मौके के लिए रवाना हुई एटीएस टीम
एडीजी पीवी रामशास्त्री ने आगे बताया, 'घटना की सूचना पाकर डीएम, एसएसपी और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच चुकी है। फिलहाल हमारी कोशिश है कि बच्चों और महिलाओं को सकुशल बाहर निकाला जाए। क्विक रिस्पांस टीम और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) भी मौके पर मौजूद हैं। लखनऊ से एटीएस की एक टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है। गांववालों से मिली जानकारी के मुताबिक अंदर करीब 20 बच्चों को बंधक बनाकर रखा हुआ है।' वहीं, फर्रूखाबाद की घटना को लेकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुंरत लखनऊ में एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई। बैठक में चीफ सेक्रेटरी, प्रिंसिपल सेक्रेटरी (होम), डीजीपी, एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फर्रूखाबाद के डीएम और एसएसपी से भी बात की है।












Click it and Unblock the Notifications