मशहूर शेफ विकास खन्ना भारत भेजेंगे 4 करोड़ रुपए की मदद, पिछले साल भी लोगों को खिलाया था खाना
नई दिल्ली, मई 7। कोरोना संकट के बीच देश के मशहूर शेफ विकास खन्ना भी संक्रमित मरीजों की मदद के लिए युद्ध स्तर पर तैयारी कर रहे हैं। दरअसल, विकास खन्ना ने ट्वीट कर बताया है कि देश में ऑक्सीजन संकट को देखते हुए वो आवश्यक आपात राहत सामग्री भेजने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, विकास खन्ना भारत को करीब 10 हजार ऑक्सीजन कॉन्सट्रेटर और 50 हजार फायर प्रोटेक्शन पीपीई किट का इंतजाम करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने ट्वीट कर बताया है कि इस काम के लिए उन्होंने करीब 4 करोड़ रुपए का फंड दिया है और बहुत जल्द इस सामान की पहली खेप हिंदुस्तान पहुंचेगी।

जब तक मेरा काम नहीं हो जाता मैं, शांत नहीं बैठूंगा- विकास खन्ना
आपको बता दें कि विकास खन्ना ने पिछले साल भी कोरोना महामारी के दौरान लाखों लोगों को भोजन व आवश्यक सामान उपलब्ध कराया था। विकास खन्ना ने अपनी इस मदद को लेकर बताया है कि मेरी मातृभूमि पर जो कुछ इस वक्त हो रहा है, उसे देखकर मन बहुत विचलित हो उठता है। उन्होंने कहा कि अभी जो हालात देश में हैं, वो बहुत ही तनावपूर्ण हैं। जब तक सब सुरक्षित नहीं हो जाते तब तक हम भी सुरक्षित नहीं हो सकते। हम सभी को मजबूत बने रहना होगा। जब तक यह हो नहीं जाता तब तक मैं शांत नहीं बैठूंगा।












Click it and Unblock the Notifications