कठुआ- उन्नाव की घटना ने देश को झकझोरा, पढ़िए पूर्व नौकरशाहों का पीएम मोदी के नाम खुला पत्र
पत्र में रिटायर नौकरशाहों ने प्रधानमंत्री को कहा कि यह दो घटनाएं सामान्य अपराध नहीं हैं
नई दिल्ली। कठुआ और उन्नाव में हुई रेप की घटना ने इंसानियत को शर्मसार किया है। देश के कोने- कोने में कठुआ और उन्नाव में रेप की घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहा है। इसी बीच 50 रिटायर नौकरशाहों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला खत लिखा है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को इन मामलों की 'भयावह स्थिति' के लिए जिम्मेदार बताया गया है। पूर्व नौकरशाह अमिताभा पांडे ने अपने फेसबुक टाइमलाइन पर इस खुले पत्र को शेयर किया है। इस पत्र में हालिया मामलों की 'भयावह स्थिति' के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी पार्टी को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा है कि एक आठ वर्षीय बच्ची के साथ रेप और निर्मम हत्या से लगता है कि हमारे राजनीतिक दल, सरकार और नेता कितने कमजोर हैं।

'यह समय हमारे अस्तित्व के संकट का समय है'
पत्र में रिटायर नौकरशाहों ने प्रधानमंत्री को कहा कि यह दो घटनाएं सामान्य अपराध नहीं हैं, जो कि समय के साथ सही हो जाएंगी। इन घटनाओं ने हमारे सामाजिक ताने-बाने पर गहरा घाव किया है। हमें जल्द ही अपने समाज के राजनीतिक और नैतिक ताने-बाने को ठीक करना होगा। यह समय हमारे अस्तित्व के संकट का समय है।

50 रिटायर्ड नौकरशाहों के इस समूह ने मीडिया को भी यह खुला पत्र साझा किया है
पिछले साल संगठित हुए ये 50 रिटायर्ड नौकरशाहों के इस समूह ने मीडिया को भी यह खुला पत्र साझा किया है। इसमें इन्होंने देश में लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष, और उदारवादी मूल्यों के हो रहे पतन की चिंता व्यक्त की गई है। पत्र में प्रधानमंत्री को कहा है, 'हम आपकी पार्टी के बांटने और घृणा के एजेंडे के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। हमें जल्द ही अपने सामाजिक और राजनीतिक नैतिकताओं को ठीक करना होगा।'

'पीड़ित परिवारों से माफी मांगे पीएम'
ये देश का सबसे काला दौर है और इससे निपटने में सरकार और राजनीतिक पार्टियों की कोशिश बहुत ही कम और कमज़ोर है। खत में आगे लिखा गया है कि नागरिक सेवाओं से जुड़े हमारे युवा साथी भी लगता है अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने में नाकाम रहे हैं। इस पत्र में प्रधानमंत्री से कहा गया है कि वो कठुआ और उन्नाव में पीड़ित परिवारों से माफी मांगें और मामलों की फास्ट ट्रैक जांच करवाएं।












Click it and Unblock the Notifications