बिहार चुनाव 2020: धमदाहा में होगा त्रिकोणीय मुकाबला, जेडीयू के सामने सीट बचाने की चुनौती
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 78 सीटों पर शनिवार 7 नवम्बर को वोट डाले जाएंगे। इन्हीं में एक सीट हैं धमदाहा जहां जेडीयू का कब्जा है। जेडीयू ने एक बार फिर वर्तमान विधायक लेसी सिंह को मैदान में उतारा है।

लेसी सिंह के मुकाबले में राष्ट्रीय जनता दल ने दिलीप कुमार यादव को मैदान में उतारा है। वहीं चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने योगेन्द्र कुमार को प्रत्याशी बनाया है।
तीन बार जीत चुकी हैं चुनाव
लेसी सिंह धमदाहा से तीन बार चुनाव जीत चुकी हैं। उन्होंने 2005 के फरवरी में हुए चुनाव में जीत दर्ज की थी। उसके बाद 2010 और 2015 में भी उन्होंने यहां से जीत दर्ज की है। 2015 में लेसी सिंह ने राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी के प्रत्याशी शिवशंकर ठाकुर को 30 हजार वोटों के भारी अंतर से हराया था। लेसी सिंह को 76,042 वोट मिले थे जबकि ठाकुर को 45,736 वोट हासिल हुए थे। इस बार लेसी सिंह का मुकाबला राजद से होगा लेकिन लोजपा ने अपना प्रत्याशी उतारकर यहां चुनाव दिलचस्प बना दिया है।
धमदाहा सीट पूर्णिया लोकसभा के अंदर आती है। यहां से जेडीयू के संतोष कुशवाहा सांसद हैं। ऐसे में जेडीयू के लिए धमदाहा सीट काफी खास बन जाती है। यहां से अगर जेडीयू हारती है तो उसकी साख के लिए धक्का होगा। धमदाहा सीट पर 315,556 मतदाता हैं जो 464 मतदान केंद्रों पर मतदान करेंगे।
बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए तीन चरणों में चुनाव हो रहे हैं। अभी तक दो चरणों में 28 अक्टूबर और 3 नवम्बर को मतदान हो चुका है जबकि तीसरे चरण के लिए 7 नवम्बर को 78 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार चौथी बार बिहार की सत्ता पर दावा करने के लिए मैदान में हैं। नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि ये उनका आखिरी चुनाव होगा। वहीं उनको तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन से टक्कर मिल रही है।












Click it and Unblock the Notifications