वोट ना देने पर बुलडोजर चलवाने की धमकी देने वाला भाजपा विधायक राजा सिंह को EC का नोटिस, मांगा जवाब
हैदराबाद, 16 फरवरी: चुनाव आयोग ने तेलंगाना के भाजपा विधायक टी. राजा सिंह को उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को धमकाने के मामले में नोटिस जारी किया है। चुनाव आयोग ने भाजपा विधायक राजा सिंह से 24 घंटे के भीतर उनके उस वीडियो पर जवाब देने को कहा है, जिसमें वो भाजपा को वोट ना देने वालों के घर बुल्डोजर चलवा देने की धमकी दे रहे हैं। आयोग राजा सिंह के जवाब से मुतमईन नहीं होता है तो उन पर आगे कार्रवाई हो सकती है।

राजा सिंह का वीडियो हुआ है वायरल
तेलंगाना में हैदराबाद के गोशमहर विधानसभा से भाजपा विधायक राजा सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें राजा सिंह रह रहे हैं- उत्तर प्रदेश में जो लोग योगी जी को पसंद नहीं करते वे भारी संख्या में घर से निकलकर वोट कर रहे हैं। भाजपा को वोट नहीं देने वालों से मैं कहूंगा कि योगी ने हजारों जेसीबी और बुलडोजर मंगवा लिए हैं। ये सभी यूपी की ओर से निकल चुके हैं। चुनाव के बाद ऐसे इलाकों को चिह्नित किया जाएगा, जिन लोगों ने योगी जी को सपोर्ट नहीं किया है। यूपी में रहना है, तो योगी-योगी कहना है, नहीं तो यूपी छोड़कर भागना पड़ेगा। राजा ने आगे कहा, हिंदुओं के हितों की रक्षा तो भाजपा ही करती है। ऐसे में यूपी इलेक्शन के तीसरे फेज में बढ़-चढ़कर वोट डालें और भाजपा को जिताएं।
उत्तर प्रदेश में हो रहे हैं विधानसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश में इस समय विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में सात चरण में वोट पड़ने हैं, जिसमें से दो चरणों में 113 सीटों पर वोट पड़े चुके हैं। प्रदेश में कुल 403 सीटें हैं। बाकी पर बाकी के चरण में वोटिंग होगी। बता दें कि यूपी में 2017 में भाजपा ने भारी जीत हासिल की थी और सरकार बनाई थी। इस चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा, सपा, रालोद, बसपा, कांग्रेस पार्टियों में मुख्य मुकाबला माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications