बुजुर्ग महिला ने बस में मुफ्त यात्रा करने से किया इनकार, कंडक्टर से बहस का Video Viral
नई दिल्ली, 29 सितंबर: देश में चुनावी फायदे के लिए आयकरदाताओं के पैसे से 'मुफ्त की रेवड़ियां' बांटने को लेकर खूब बहस हो रही है। सुप्रीम कोर्ट तक इस प्रवृत्ति के खिलाफ काफी सख्त है। लेकिन, राजनीतिक दल फिर भी चुनावी लाभ के लिए 'रेवड़ियों' के वादों में कोई कमी नहीं करना चाहते हैं। लेकिन, तमिलनाडु की एक बुजुर्ग महिला ने इस प्रवृत्ति के खिलाफ जिस आत्मसम्मान का परिचय दिया है, वह 'मुफ्तखोरी' की राजनीति के विरोध में एक नजीर बन सकता है। उस महिला का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो कि तमिलनाडु में एक चलती सरकारी बस के अंदर का है, जिसमें डीएमके सरकार ने चुनावी वादे के तहत महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दे रखी है।

टिकट खरीदने के लिए कंडक्टर से भिड़ गई बुजुर्ग महिला
सोशल मीडिया पर एक काफी बुजुर्ग महिला का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो तमिलनाडु में एक सरकारी बस के अंदर का है। इस वीडियो में यह बुजुर्ग महिला बस कंडक्टर से बहस करती नजर आ रही है। आमतौर पर बसों में कंडक्टर के साथ ऐसी बहस इसलिए होती है, क्योंकि यात्री ज्यादा किराया वसूलने का आरोप लगाते हैं। लेकिन, यहां कहानी पूरी तरह से अलग ही नहीं, बल्कि अविश्वसनीय है। जब देश में वोट के लिए राजनीतिक दलों पर 'रेवड़ी कल्चर' को बढ़ावा देने के आरोप लग रहे हैं, देश की सर्वोच्च अदालत भी इसको लेकर सख्त है। उस बुजुर्ग महिला का स्वाभिमान ऐसे नेताओं की नेतागीरी पर जोरदार तमाचे की तरह है।

बुजुर्ग महिला को मुफ्त की यात्रा मंजूर नहीं
दरअसल, यह वीडियो इसलिए वायरल हो रहा है। क्योंकि, इसमें वह बुजुर्ग महिला इसलिए बहस कर रही है, क्योंकि वह किसी भी सूरत में मुफ्त में यात्रा करने के लिए तैयार नहीं है। वीडियो तमिलनाडु के कोयंबटूर शहर का बताया जा रहा है। बातचीत तमिल में हुई लगती है, लेकिन यह समझने में मुश्किल नहीं है कि एक बुजुर्ग महिला आखिर किस चीज को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है।

'मैं 'ओसी' से नहीं जाना चाहती हूं'
यह महिला कंडक्टर को पैसे देकर अपनी यात्रा के लिए उचित टिकट खरीदना चाहती है। वह किसी भी सूरत में मुफ्त में यात्रा करने के लिए तैयार नहीं है। वह महिला यह कहती हुई बताई जा रही है कि 'मैं ओसी (मुफ्तखोरी का मजाक उड़ाते हुए) से नहीं जाना चाहती हूं।' दरअसल, तमिलनाडु में सफेद बोर्ड वाली साधारण सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिली हुई है। इसका वादा डीएमके ने चुनाव के दौरान किया था। लेकिन, इस बुजुर्ग महिला को सरकार की यह मुफ्त यात्रा हरगिज मंजूर नहीं है।

कंडक्टर ने बुजुर्ग को काफी समझाया, लेकिन वह नहीं मानी
यह वीडियो मधुकराई से पलाथुराई के बीच चलने वाली एक सरकारी बस में सवार सहयात्री ने बनाया है, जिसमें काफी देर तक हुई इस बहसबाजी ने सबका ध्यान खींच लिया था। वीडियो में दिख रहा है कि कंडक्टर एक पुरुष यात्री को टिकट खरीदने के लिए कह रहा है। तभी वह बुजुर्ग महिला उसके पास पहुंची और टिकट देने के लिए कहा और इसके पैसे देने लगी। शुरू में कंडक्टर ने उससे पैसे लेने से मना कर दिया और उसे समझाया कि उसे यात्रा के लिए पैसे देने की जरूरत नहीं है। लेकिन, महिला ने साफ कह दिया कि वह 'ओसी' (मुफ्त) यात्रा नहीं करेगी।
टिकट खरीदकर ही मानी बुजुर्ग महिला
आखिरकार, कंडक्टर ने बुजुर्ग महिला के सामने हार मान ली। उसने महिला से 15 रुपए बतौर किराया लिया और उसे टिकट दे दिया। यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग उस बुजुर्ग के आत्मसम्मान की काफी सराहना कर रहे हैं। हम ने जिस ट्विटर हैंडल का वीडियो साझा किया है, उसे @dr_abimanyus से शेयर किया गया है और यूजर ने खुद के स्थानीय बीजेपी नेता होने का दावा किया है।












Click it and Unblock the Notifications