मनी लॉन्ड्रिंग मामले: ED ने महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के सहयोगियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की
मुंबई, 23 अगस्त। महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के सहयोगियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के कथित मामले में आज प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने अपनी चार्जशीट फाइल कर दी है। यह चार्जशीट अनिल देशमुख के सहयोगी कुंदन शिंदे और संजीव पालंदे के खिलाफ दायर की गई है। बता दें कि अनिल देशमुख को पांच बार ईडी ने नोटिस भेजा था लेकिन वह ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे। ईडी अनिल देशमुख के घर और दफ्तर में छापेमारी कर चुकी है। अनिल देशमुख के वकील इंद्रपाल ने कहा था कि हमने ईडी से अपील की थी कि जबतक यह मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है हमे पेश होने के लिए बाध्य नहीं किया जाए। फैसला आने के बाद हम खुद ईडी के सामने पेश होंगे। हालांकि अनिल देशमुख सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे।

गौरतलब है कि अनिल देशमुख ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके कहा था कि उनके खिलाफ जो जांच चल रही है उसे खारिज किया जाए। साथ ही ईडी उन्हें बार-बार जो नोटिस भेज रही है उसे भी रद्द किया जाए। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने अनिल देशमुख की तमाम मांगों को खारिज कर दिया। जिसके बाद कोर्ट ने अनिल देशमुख से स्थानीय कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर करने को कहा। बता दें कि अनिल देशमुख की 4.20 करोड़ रुपए की संपत्ति को ईडी ने जब्त कर लिया है। आरोप है कि अनिल देशमुख ने सचिन वझे की मदद से मुंबई के बार मालिकों से यह संपत्ति इकट्ठा की थी। जिसे अनिल देशमुख के ट्रस्ट में जमा करवाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications