डॉक्टर कफील खान की पत्नी ने हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखा, पति को सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की
नई दिल्ली। डॉक्टर कफील खान की पत्नी शबिस्ता खान ने हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर अपने पति के लिए सुरक्षा मुहैया कराए जाने की अपील की है। शबिस्ता खान ने कोर्ट से अपील की है कि उनके पति को जान का खतरा है, लिहाजा उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाए। दरअसल कफील खान पर नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ भाषण देने का आरोप है, जिसकी वजह से वह जेल में बंद हैं। कफील खान को 29 फरवरी को मुंबई में गिरफ्तार कर लिया गया था।

सीएए के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिया था बयान
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में 12 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान डॉक्टर कफील खान ने बयान दिया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। आईजी एसटीएफ अमिताभ यश ने इस बात की पुष्टि की थी कि अलीगढ़ में विरोध प्रदर्शन के दौरान आपत्तिजनक बयान देने की वजह से डॉक्टर कफील खान को गिरफ्तार किया गया है। जब कफील खान को बांद्रा की कोर्ट ले जाया जा रहा था तो उस दौरान उन्होंने कहा था कि उन्हें महाराष्ट्र में ही रहने दिया जाए।
मुझे यूपी पुलिस पर भरोसा नहीं- कफील खान
डॉक्टर कफील खान ने कहा था कि मुझे गोरखपुर में बच्चों की मौत मामले में क्लीन चिट मिली है, लेकिन ये लोग मुझे फिर से फंसाना चाहते हैं। लिहाजा महाराष्ट्र सरकार से मेरी अपील है कि मुझे यहीं रहने दिया जाए क्योंकि यूपी पुलिस पर उन्हें कतई भरोसा नहीं है। गौरतलब है कि डॉक्टर कफील खान उस वक्त चर्चा में आए थे जब 2017 में गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल में दो दिन के भीतर दर्जनों बच्चों की मौत हो गई थी। आरोप था कि अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी हो गई थी, जिसके चलते बच्चों की मौत हुई थी।
कोर्ट से मिल गई थी जमानत
बच्चों की मौत के बाद डॉक्टर कफील खान को गिरफ्तार कर लिया गया था। जिस वक्त बीआरडी अस्पताल में यह घटना हुई थी डॉक्टर कफील खान एईएस वार्ड के नोडल अधिकारी थे। बाद में कफील खान को सस्पेंड कर दिया गया था। तकरीबन 7 महीने तक जेल में रहने के बाद अप्रैल 2018 में कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी।












Click it and Unblock the Notifications