लॉकडाउन में लोगों तक आसानी से पहुंचे सामान, सरकार ने स्थापित किया कंट्रोल रूम
नई दिल्ली। कोरोना वायरस (कोविड-19) से बचाव के लिए देशभर में 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की गई है। सरकार ने कहा है कि इस दौरान लोगों तक जरूरत का सारा सामान पहुंचाया जाएगा। लेकिन कई जगहों से खबर ये भी आई कि सामान की पहुंच आसानी से नहीं हो पा रही है। जिसके कारण ना केवल आम दुकानदारों बल्कि जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसके बाद सरकार ने एक और जरूरी कदम उठाया है।

भारत सरकार के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्द्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने लॉकडाउन की अवधि 25 मार्च, 2020 से 14 अप्रैल, 2020 के दौरान माल, विनिर्माण और आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई और उन्हें वास्तविक समय में आम आदमी तक पहुंचाने की स्थिति पर नजर रखने के लिए एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया है।
अगर किसी भी उत्पादक, ट्रांसपोर्टर, वितरक, थोक व्यापारी या ई-कॉमर्स कंपनियों को माल की ढुलाई और वितरण या संसाधनों को जुटाने में किसी भी प्रकार की जमीनी स्तर की कठिनाई का सामना करना पड़े, तो वह विभाग को नीचे दिए गए टेलीफोन नंबर या फिर ईमेल पर सूचित कर सकते हैं-
टेलीफोन नंबर- + 91 11 23062487
ईमेल आईडी- [email protected]
ये टेलीफोन नंबर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक काम करेगा। विभिन्न हितधारकों द्वारा दी गई जानकारियों और मुद्दों को विभाग द्वारा संबद्ध राज्य सरकारों, जिला और पुलिस अधिकारियों और अन्य संबद्ध एजेंसियों के समक्ष रखा जाएगा। ताकि उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जा सके। बता दें भारत में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। देश में अभी तक संक्रमित मामलों की संख्या 649 हो गई है, जबकि इस महामारी से 13 लोगों की मौत भी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications