बिहार: ऑपरेशन थियेटर से मरीज के कटा पैर लेकर भाग गया आवारा कुत्ता
नई दिल्ली। देश अलग-अलग जगहों से अस्पतालों में मरीजों के साथ लापरवाही के अनेकों मामले आए दिन सामने आते रहते हैं। लेकिन बिहार से अस्पताल की लापरवाही का हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है। बक्सर जिले में ट्रेन से गिरकर घायल हुए एक शख्स का अस्पताल में ऑपरेशन चल रहा था। तभी एक आवारा कुत्ता ऑपरेशन थिएटर में घुसा और मरीज का कटा पैर लेकर भाग गया। इससे पूरे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

कुत्ता मरीज का कटा हुआ पैर लेकर भागा
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा बक्सर रेलवे स्टेशन हुआ। जब आरा के रामनाथ मिश्रा बक्सर से आरा जाने के लिए श्रमजीवी एक्सप्रेस पकड़ रहे थे। तभी उनका पैर फिसला और वह ट्रेन के नीचे आ गए। आनन-फानन में जख्मी पैसेंजर रामनाथ मिश्रा को रेलवे पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इस दुर्घटना में उनका एक हाथ और एक पैर बुरी तरह जख्मी हो गया था। बुरी तरह जख्मी होने के कारण पैर को शरीर से अलग कर रखा गया था। इसी दौरान बाहर से पहुंचे कुत्ते ने पैर को उठा लिया और भाग खड़ा हुआ।

ऑपरेशन थियेटर में घुसा आवारा कुत्ता
बुरी तरह जख्मी होने के चलते डॉक्टरों ने रामनाथ का पैर शरीर से अलग कर रखा था। इसी दौरान बाहर से एक आवारा कुत्ता ऑपरेशन थिएटर में घुस आया और कटा पैर लेकर भाग गया। मामले पर सिविल सर्जन डॉक्टर के.के. लाल का कहना है कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता है। लेकिन अगर ऐसा कोई मामला है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिस व्यक्ति का इलाज चल रहा था उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

तेजस्वी के निशाने पर आए नीतीश कुमार
इस खबर के सामने आने के बाद लोगों ने स्वास्थ्य विभाग पर जमकर निशाना साधा है। वहीं बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस खबर के सामने आने के बाद सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। इस खबर को अपने फेसबुक पर शेयर करते हुए तेजस्वी ने लिखा कि, ख़बर पढ़कर जनादेश चोर, सज़ायाफ्ता थीसिस चोर एवं हत्या आरोपी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गवर्नेंस पर नंबर दीजिए।












Click it and Unblock the Notifications