कांग्रेस वर्किंग कमेटी की जानकारी मिनट टू मिनट हो रही लीक, दिव्या स्पंदना ने उठाए सवाल
नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का कार्यकाल खत्म हो चुका है, जिस वजह से आज कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हुई। कुछ दिन पहले कांग्रेस के 23 बड़े नेताओं ने पार्टी हाईकमान को एक चिट्ठी लिखी थी, जो मीडिया में लीक हो गई। इसको लेकर आज की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। साथ ही राहुल गांधी ने कई वरिष्ठ नेताओं पर सवाल उठाए। कांग्रेस की कोशिश थी कि बैठक की बातें बाहर ना आएं, लेकिन मीडिया को मिनट टू मिनट अपडेट मिलता रहा। अब कांग्रेस की पूर्व सोशल मीडिया हेड दिव्या स्पंदना ने भी पार्टी के नेताओं पर कई आरोप लगाए हैं।
Recommended Video

दिव्या स्पंदना ने ट्वीट करते हुए लिखा कि उन्होंने सिर्फ लेटर ही मीडिया में नहीं लीक किया, वो कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक से लगातार फीड और मिनट टू मिनट की जानकारी बाहर मीडिया में पहुंचा रहे हैं...अमेजिंग। दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी से गलती हो गई, उन्हें कहना था कि वो नेता बीजेपी के साथ मीडिया से भी मिल हुए हैं।
लगातार बाहर आती गई जानकारियां
कांग्रेस चाहती थी कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी बैठक की सारी बातें मीडिया के सामने ना आएं। इसके अलावा बैठक में कोई लीक ना हो इसके लिए Zoom ऐप की बजाए WebEx पर वर्चुअल मीटिंग की गई। इस ऐप में खास बात ये है कि इसमें रिकॉर्डिंग नहीं हो सकती है, जो रिकॉर्डिंग करने की कोशिश करेगा, उसमें सिर्फ उसका हिस्सा ही कैप्चर होगा। इसके बावजूद भी मीटिंग के अपडेट मीडिया को लगातार मिल रहे हैं।
क्या था राहुल का बयान?
राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कहा कि कांग्रेस पार्टी विचारधारा की जंग लड़ रही है ऐसे समय इस चिट्ठी से बीजेपी को ही फायदा होगा, ऐसा लगता है ये चिट्ठी बीजेपी के इशारे पर लिखी गई है। जिस वक्त पत्र भेजा गया उस समय सोनिया गांधी बीमार थीं, इस बात से मुझे बहुत ज्यादा दुख पहुंचा है। आखिर जब कांग्रेस मध्य प्रदेश और राजस्थान के सियासी संकट का सामना कर रही थी और जब अध्यक्ष बीमार थीं, तब ही चिट्ठी क्यों भेजी गई?
राहुल के बयान पर भड़के सिब्बल
राहुल के बयान के बाद कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल भड़क गए। कपिल सिब्बल ने अपने ट्वीट में लिखा- राहुल गांधी कह रहे हैं हमारी मिलीभगत भारतीय जनता पार्टी के साथ है। मैंने राजस्थान हाईकोर्ट में कांग्रेस पार्टी का सही पक्ष रखा, मणिपुर में पार्टी को बचाया। पिछले 30 साल से पार्टी में हूं और कभी कोई ऐसा कोई बयान नहीं दिया जो किसी भी मसले पर बीजेपी को फायदा पहुंचाए लेकिन आज मुझे बीजेपी की मदद करने वाला कहा जा रहा है। हालांकि बाद में सिब्बल ने ये कहते हुए ट्वीट डिलीट कर दिया कि राहुल गांधी ने व्यक्तिगत तौर पर उनसे बताया है कि उन्होंने ऐसा नहीं कहा है।












Click it and Unblock the Notifications