केजरीवाल पर फिल्म, सेंसर बोर्ड ने कहा पीएम से NOC लेकर आओ
अरविंद केजरीवाल को केंद्र में रखकर ही बनाई गई इस फिल्म में अन्ना आंदोलन के फुटेज का इस्तेमाल किया गया है।
नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल पर बनी फिल्म पीएम मोदी के हां के चक्कर में फंस गई है। फिल्म को हरी झंडी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुमति लेनी पड़ेगी। सेंसर बोर्ड ने अरविंद केजरीवाल पर फिल्म बनाने वाले निर्देशकों को रिलीज से पहले पीएम से एनओसी लाने का कहा है।

सेंसर बोर्ड ने मांगा एनओसी
मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक अरविंद केजरीवाल पर फिल्म बनाने वाले डायरेक्टर्स से दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व सीएम शीला दीक्षित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एनओसी यानि नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट लाने को कहा है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के प्रमुख पहलाज निहलानी ने फिल्म बनाने वाले डायरेक्टर खुशबू रंका और विनय शुक्ला से कहा है कि उन्होंने जिस भी राजनीतिज्ञ का फुटेज अपनी फिल्म में इस्तेमाल किया है उनसे एनओसी लेकर आएं।

जिसको प्रॉब्लम होगी कोर्ट जाएगा
अरविंद केजरीवाल पर बनी फिल्म 'एन इनसिगनिफेंट मैन' से फिल्म मेकर्स को भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस से जुड़े तथ्यों को हटाने को कहा गया है।फिल्म को बनाने वाली खूशबू रंका का कहना है कि पहलाज निहलानी अब ये चाहते हैं कि प्रधानमंत्री सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष का काम करें। हमारी फिल्म से जिस किसी को भी आपत्ति होगी वो हमारे खिलाफ कोर्ट जा सकता है।

नियमानुसार एनओसी मांगा गया
इस मुद्दे पहलाज निहलानी का कहना है कि फिल्म मेकर करण जौहर ने अभिनेत्री रवीना टंडन के नाम का इस्तेमाल किया था तो रवीना की सहमति ली थी। हमे जब भी एनओसी उपलब्ध कराई जाएगी हम फिल्म को क्लियरेंस दे देंगे। सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष पहलाज निहलानी का कहना है कि 'डॉक्यूमेंट्री फिल्म को हरी झंडी दे दी गई है लेकिन, नियमानुसार जिनकी फुटेज इस्तेमाल होती है उनका एनओसी लगता है, इसलिए निर्माताओं को कहा गया है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शीला दीक्षित की एनओसी लाएं'।

अरविंद केजरीवाल पर आधारित है फिल्म
अरविंद केजरीवाल को केंद्र में रखकर ही बनाई गई इस फिल्म में अन्ना आंदोलन के फुटेज का इस्तेमाल किया गया है। इसमें पीएम मोदी, शीला दीक्षित समेत कई नेताओं के बारे में दिए गए आपत्तिजनक बयान भी थे। इसलिए शुरुआत में सेंसर बोर्ड की इग्जामिनिंग कमेटी ने इसे पास करने से मना कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications